
अफगान और पाकिस्तानी बलों के बीच नंगरहार में सीमा पर संघर्ष हुआ है। अफगान बल एक बख्तरबंद वाहन के पोस्ट को स्थापित कर रहे थे तभी पाकिस्तानी पक्ष ने उन पर गोलाबारी की। अफगान बलों ने पलटवार करते हुए हमला किया। हालांकि स्थिति को जल्द ही सामान्य कर लिया गया।
अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बॉर्डर पर दोनों देशों के सुरक्षाबलों में झड़प हुई है। यह दावा अफगान-समर्थक एक सोशल मीडिया अकाउंट से किया गया है। हालांकि पाकिस्तान की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है। पत्रकार ताहिर खान ने हिंदूकुश नाम के सोशल अकाउंट के हवाले से बताया है कि नंगरहार के लालपुरा जिले में सीमा पर दोनों तरफ से गोलीबारी हुई है। ये झड़प तब शुरू हुई जब अफगान सेना पोस्ट पर बख्तरबंद गाड़ी के लिए जगह बना रही थी। इसी दौरान पाकिस्तानी सेना ने इसका विरोध करते हुए गोलीबारी शुरू कर दी।
दावा किया गया है कि पहले पाकिस्तान की ओर से गोली चली लेकिन अफगानिस्तान की ओर से भी इसका कड़ा जवाब दिया गया। अफगान सेना ने भी पाकिस्तान की दो चौकियों को निशाना बनाया। इस गोलीबारी में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। अफगानिस्तान के सूत्रों ने बताया कि गोलीबारी से तनाव के चलते तोरखम बॉर्डर को कुछ समय के लिए बंद किया गया। हालांकि बाद में इसे फिर से खोल दिया गया और आवाजाही सामान्य हो गई। दोनों देश बॉर्डर के पास किसी नए निर्माण की अनुमति नहीं देते हैं।
अफगान अफसर ने गोलीबारी की बात कही – एक अफगान अधिकारी ने अफगानिस्तान और पाकिस्तानी सैनिकों के बीच गोलीबारी की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि तनाव हुआ था लेकिन चीजें जल्दी ही सुलझा ली गई है और अब स्थिति सामान्य है। नंगरहार के सूचना विभाग प्रमुख कुरैशी बादलून ने बताया कि अफगान पक्ष चौकियों को मजबूत करने में लगा है। उन्होंने कहा कि मसले को सुलझा लिया गया लेकिन दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ सकता है।
अफगानिस्तान और पाकिस्तान सीमा पर तनाव नई बात नहीं है। दोनों देशों के बीच लंबी और जटिल सीमा है, जिसे डूरंड रेखा कहा जाता है। बॉर्डर पर दोनों देशों के अलग दावे हैं और इसके चलते लंबे समय से विवाद है। अफगानिस्तान डूरंड रेखा को अंतरराष्ट्रीय सीमा के रूप में मान्यता नहीं देता है। इसके चलते अक्सर दोनों देशों के बीच झड़पें होती रहती हैं।
Home / News / अफगानिस्तान-पाकिस्तान सीमा पर गोलीबारी, पोस्ट पर निर्माण से हुआ विवाद, इस्लामाबाद ने साधी चुप्पी
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website