
पाकिस्तान के जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की दो बहनों को पंजाब सरकार द्वारा उनकी हिरासत के आदेश वापस लिए जाने के बाद गुरुवार को रिहा कर दिया गया। विपक्षी दल पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के नेताओं ने यह जानकारी दी। हालांकि, उनकी बड़ी बहन अलीमा खान अब भी जेल में हैं। पाकिस्तान की पंजाब सरकार ने इमरान खान की रिहाई की मांग को लेकर पीटीआई समर्थकों की लामबंदी को रोकने के लिए उनकी तीन बहनों को हिरासत में लिया था।
इमरान खान की बड़ी बहन अलीमा खान अब भी जेल में – पीटीआई के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व संघीय मंत्री मूनिस इलाही ने एक बयान में कहा, ”आखिरकार कुछ अच्छी खबर मिली। पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की दो बहनों डॉ. उज्मा खान और नोरीन नियाजी को (पंजाब सरकार द्वारा) हिरासत के आदेश वापस लिए जाने के बाद कोट लखपत जेल से रिहा कर दिया गया।” हालांकि, उन्होंने कहा कि खान की बड़ी बहन अलीमा खान अब भी सलाखों के पीछे हैं। उन्होंने कहा, ”उम्मीद है कि अलीमा साहिबा और खान की पत्नी बुशरा बीबी को भी जल्द ही रिहा कर दिया जाएगा।”
इमरान खान की बहनों को क्यों किया गया था गिरफ्तार? – पीटीआई के एक अन्य वरिष्ठ नेता जुल्फी बुखारी ने कहा, ”दो बहनों की रिहाई से अन्याय खत्म नहीं हो जाता और न ही इमरान खान के परिवार को दी गई यातनाएं मिट जाती हैं। हमारी मांग स्पष्ट है कि कोई चुनिंदा राहत नहीं, कोई डराना-धमकाना नहीं और आगे कोई उत्पीड़न नहीं।” इमरान खान की तीनों बहनों को सितंबर में एक सुरक्षा कानून के तहत हिरासत में लिया गया था, ताकि उन्हें खान की रिहाई के लिए देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के वास्ते लोगों को लामबंद करने से रोका जा सके।
इमरान खान जुलाई 2023 से जेल में बंद – पीटीआई के 74 वर्षीय संस्थापक इमरान खान 2023 से जेल में बंद हैं। उन पर भ्रष्टाचार एवं हिंसा भड़काने से जुड़े आरोपों सहित 100 से अधिक मामले दर्ज हैं। उनकी पत्नी बुशरा बीबी को 17 जनवरी 2025 को एक अलग मामले में गिरफ्तार किया गया था, जिसमें दंपति को सजा सुनाई गई थी।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website