
2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में बीजेपी और अकाली दल के अलग- अलग लड़ने का फायदा निश्चित तौर पर आम आदमी पार्टी को मिला था, जिसने 117 में से 92 सीटें जीतकर एक नया रेकॉर्ड भी बनाया। 2027 के चुनाव से ठीक पहले बीजेपी और अकाली एक बार फिर से साथ आ गए हैं, जिससे सत्तारूढ़ आप को अब कांग्रेस के साथ- साथ इस गठबंधन से भी कड़ी चुनौती मिलने की काफी संभावना है। बीजेपी के शहरी व हिंदू वोटों का आधार और अकाली दल के पारंपरिक वोट बैंक वाला यह गठबंधन आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के लिए एक कड़ी चुनौती पेश कर सकता है।
आप के चुनावी नैरेटिव की दिशा – बीजेपी- अकाली के साथ आने के बाद आम आदमी पार्टी नेताओं के बयानों से उनके चुनावी नैरेटिव की दिशा सामने आई है। आप नेताओं ने किसानों के विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई मौतों, अकाली शासन से जुड़े बेअदबी के मामलों और नशे की समस्या का हवाला देते हुए आम जनता के सामने इन मुद्दों को रखने की बात कही है। आप के चुनावी अभियान की रणनीति में भी अब थोड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। आप ने चुनाव के लिए दो लिस्ट जारी कर दी है, जिसमें 71 उम्मीदवारों के नाम है। आप को भी यह इंतजार था कि बीजेपी और अकाली कब साथ आने की घोषणा करते हैं, इसको देखते हुए आप की अगली लिस्ट में भी कुछ सरप्राइज देखने को मिलेगा। 2022 में AAP को 42.01 प्रतिशत वोट और 92 सीटें मिली थीं। कांग्रेस को 22.98 प्रतिशत और अकाली दल को 18.38 प्रतिशत वोट मिले थे। बीजेपी का वोट शेयर 6.6 प्रतिशत था।
मुकाबला त्रिकोणीय होगा – डेटा एक्शन लैब फॉर इमर्जिंग सोसायटीज (DALES) के को- फाउंडर आशीष रंजन कहते हैं कि 6 वर्षों के बाद बीजेपी और अकाली दल के फिर से साथ आने पर पंजाब चुनाव में मुकाबला त्रिकोणीय हो जाएगा। गठबंधन से पहले जहां मुख्य मुकाबला आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच माना जा रहा था लेकिन अब सभी के लिए मुकाबला खुल गया है। इसके अलावा आम आदमी पार्टी पंजाब के मालवा क्षेत्र में काफी मजबूत रही है और ग्रामीण इलाकों में आप को 2022 के चुनाव में भी उसे इस क्षेत्र से बंपर वोट मिले थे, अब हो सकता है कि आप के वोट बैंक में सेंध लगे। दरअसल मालवा के ग्रामीण इलाकों में अकालियों की अच्छी खासी पकड़ रहती है और मालवा के शहरी क्षेत्रों में अच्छी- खासी संख्या में हिंदू वोट है, जिसका फायदा बीजेपी को हो सकता है।
क्या कांग्रेस के लिए और बड़ी चुनौती – राजनीतिक विश्लेषक आशीष रंजन कहते हैं कि पंजाब में कांग्रेस अभी अंदरूनी झगड़ों में ही उलझी हुई है। पंजाब में सत्ता विरोधी वोटों का बड़ा प्रतिशत जहां कांग्रेस को मिलने की संभावना थी, वहीं बीजेपी- अकाली के साथ आने से कांग्रेस के लिए चुनौती और बढ़ गई है। अब मुकाबला दोतरफा न होकर त्रिकोणीय होगा, ऐसे में सरकार से नाराज वोट का कांग्रेस को सीधा फायदा नहीं मिलेगा। कांग्रेस को अब नई रणनीति के साथ उतरना होगा और सबसे पहले आपसी झगड़ों से पार पाना होगा। बीते तीन दशक को देखें तो 2012 को छोड़ दें तो हर बार पंजाब में सरकार बदल जाती है। 2012 में अकाली दल की सरकार ही रिपीट हुई थी। ऐसे में कुछ महीने पहले कांग्रेस का पक्ष काफी मजबूत नजर आ रहा था।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website