
कॉकरोच जनता पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास ने मंगलवार को आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के नेतृत्व वाले आंदोलन से डरी हुई है और इसके नेताओं को विदेश यात्रा से रोककर, विरोध प्रदर्शनों को प्रतिबंधित करके तथा सोशल मीडिया सामग्री पर बंदिश लगाकर कॉकरोच जनता पार्टी को दबाने की कोशिश कर रही है। सौरव दास ने यह टिप्पणी ऐसे समय की है जब एक दिन पहले ही उन्हें ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए ब्रिटेन जाने से कथित तौर पर रोक दिया गया। वहां उन्हें ‘कॉकरोच आंदोलन’ पर बोलने के लिए आमंत्रित किया गया था।
तो मेरे लिए लाल कालीन बिछाया जाता – सौरव दास ने यहां प्रेसवार्ता में कहा कि यदि वह नीरव मोदी या विजय माल्या होते, तो उनके लिए लाल कालीन बिछाया जाता और वह तीन-चार घंटे में लंदन के लिए रवाना हो जाते। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने पासपोर्ट में विसंगतियों का हवाला देकर उसे चिह्नित किया था, जिसके बाद आव्रजन अधिकारियों ने उन्हें विदेश जाने से रोक दिया।
उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और सीबीआई जैसी एजेंसियों के माध्यम से कॉजपा नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करने का आधार न मिल पाने के कारण, सरकार अब उनकी नागरिकता, आधार कार्ड और शैक्षणिक योग्यताओं पर सवाल उठाने का सहारा ले रही है।
सौरव दास ने कहा कि उन्हें और कॉकरोच जनता पार्टी की कानूनी प्रमुख रत्ना सिंह को एक दिसंबर को ऑक्सफोर्ड यूनियन में बोलने के लिए आमंत्रित किया गया था। उन्होंने कहा कि मुख्य कार्यक्रम ऑक्सफोर्ड यूनियन में था। यह एक दिसंबर का कार्यक्रम था, जिसमें रत्ना और मुझे आमंत्रित किया गया था।
कई विश्वविद्यालय में कार्यक्रम की थी योजना – कॉकरोच जनता पार्टी के नेता ने कहा कि छात्रों ने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स, कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय, एडिनबर्ग विश्वविद्यालय और क्वीन मैरी विश्वविद्यालय में भी कार्यक्रमों की योजना बनाई थी, जिनमें से कुछ कार्यक्रमों को विश्वविद्यालयों द्वारा और अन्य को उनके छात्रों द्वारा समर्थन प्राप्त था।
Home / News / यदि मैं नीरव मोदी होता तो मेरे लिए रेड कार्पेट बिछाया जाता, CJP के प्रवक्ता सौरव दास ने केंद्र सरकार को घेरा
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website