
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में बुधवार की दोपहर CRPF के नाके पर हुआ आतंकी हमला और खतरनाक हो सकता था, अगर वहां हमले में घायल जवानों में से एक ने अपनी जान की परवाह न करते हुए बहादुरी न दिखाई होती। आतंकी की गोलीबारी में खून से लथपथ हवलदार सोनबीर ने उस दिशा में अपनी A-47 से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिधर से आतंकी CRPF के जवानों पर अंधाधुंध फायरिंग कर रहा था। इससे आतंकी का हौसला टूटा और वह भागने को मजबूर हो गया। फोर्स नंबर-04171**** जवान सोनबीर की बहादुरी की चर्चा सिर्फ उनकी 46 वीं बटैलियन में ही नहीं, जम्मू-कश्मीर के सुरक्षाबलों के बीच वह हीरो बन गए हैं।
अभी तक की जांच में यह बात सामने आई है कि हमला करने वाला एक ही आतंकी था और वह भी पैदल आया था। सुरक्षा एजेंसी के सूत्रों ने बताया कि जब हमला हुआ तो नाके पर CRPF के तीन जवान- संतोष चंदू, राकेश दास और सोनबीर सिंह तैनात थे। अचानक आतंकी ने फायरिंग की तो जवाब देने में कुछ सेकंड का वक्त लगा।
सोनबीर ने आतंकी पर की ताबड़तोड़ फायरिंग – जैसे ही जवानों को एहसास हुआ कि यह आतंकी हमला है, तब तक तीनों जवानों को गोली लग चुकी थी। घायल जवानों में से सोनबीर ने आतंकी की फायरिंग की दिशा को आंका और उस ओर दौड़कर आतंकी की तरफ ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
CRPF कैंप पर भी हो सकता था अटैक – चंद सेकंड में ही आतंकी समझ गया कि वह आगे नहीं बढ़ पाएगा और भागने को मजबूर हुआ। वरना, हमला नाके तक ही सीमित नहीं रहता। आगे सीआरपीएफ कैंप तक भी अटैक हो सकता था। एक सीसीटीवी कैमरे में दिखा कि आतंकी के भागने में एक और आतंकी ने मदद की। इन दोनों की तलाश की जा रही है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website