Saturday , June 13 2026 6:55 PM
Home / News / ओमान के तट पर 3 भारतीयों की मौत पर भारत ने अमेरिका को चेताया, एस जयशंकर ने फोन कर रुबियो को जमकर सुनाया

ओमान के तट पर 3 भारतीयों की मौत पर भारत ने अमेरिका को चेताया, एस जयशंकर ने फोन कर रुबियो को जमकर सुनाया


भारत के तीन नाविकों की मौत का मामला उठाते हुए विदेश मंत्री एस.जयशंकर ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बात की और खाड़ी में अमेरिकी नौसेना के हमलों पर कड़ा विरोध जताया। रुबियो के साथ अपनी बातचीत के बारे में ‘X’ पर एक पोस्ट में जानकारी देते हुए जयशंकर ने लिखा कि कमर्शियल शिपिंग के खिलाफ इस तरह की जानलेवा कार्रवाई सही नहीं है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार शाम मेरी अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बात हुई।
मैंने खाड़ी में अमेरिकी नौसेना के उन हमलों पर भारत की कड़ी आपत्ति दोहराई, जिनमें तीन भारतीय नाविक मारे गए थे। बता दें कि इस हफ्ते ओमान के तट के पास भारतीय क्रू वाले तीन जहाजों पर हमले हुए। इनमें से एक हमले में तीन लोगों की मौत हो गई।
अमेरिकी सेना ने ओमान के तट पर स्थित जहाज पर किया था हमला – बता दें कि बुधवार को ओमान की खाड़ी में अमेरिका ने MT सेटेबेल्लो नाम के जहाज पर हमला किया था। अमेरिकी सेना ने हमले के बाद आरोप लगाया था कि यह ईरानी बंदरगाहों पर चल रही नौसैनिक नाकेबंदी का उल्लंघन कर रहा था। जहाज पर मौजूद 24 भारतीय क्रू सदस्यों में से 21 को बचा लिया गया, जबकि बाद में तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई।
विदेश मंत्रालय ने कड़ा विरोध जताया – इस बीच, ओमान के तट के पास कमर्शियल जहाजों पर हो रहे हमलों के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराने के लिए विदेश मंत्रालय (MEA) ने शुक्रवार को अमेरिकी चार्ज डी’अफेयर्स’ जेसन मीक्स को तलब किया।
वहीं, विदेश मंत्रालय (MEA) ने गुरुवार को कहा कि MT सेटेबेलो जहाज पर हुए हमले में मारे गए तीन भारतीय नाविकों की पहचान कर ली गई है और उनके शवों को जल्द से जल्द भारत लाने की कोशिशें की जा रही हैं।