Saturday , April 25 2026 5:09 PM
Home / News / World / चांद की ओर बढ़ रहा जापान का ‘चंद्रयान’, कैमरे से पहली बार कुछ ऐसा दिखा चंद्रमा, जानें क्यों है खास

चांद की ओर बढ़ रहा जापान का ‘चंद्रयान’, कैमरे से पहली बार कुछ ऐसा दिखा चंद्रमा, जानें क्यों है खास


जापान एयरोस्पेस एक्सप्लोरेशन एजेंसी (JAXA) का स्लिम मिशन चांद की ओर बढ़ रहा है। इस बीच स्लिम के नेविगेशन कैमरा ने चांद की पहली तस्वीर जारी की है। ये तस्वीर चांद से 7000 किमी की दूरी पर खींची गई हैं। इसके अलावा जिस ऐंगल से चांद की फोटो सामने आई है वैसा पृथ्वी से दिखाई नहीं देता। जापानी स्पेस एजेंसी ने बताया कि फोटो कंप्रेस होने के कारण साफ नहीं है। हालांकि इस तस्वीर में शिओली क्रेटर दिखाई देता है, जहां यह अंतरिक्ष यान लैंड करेगा।
इससे पहले 2 अक्टूबर को JAXA ने घोषणा की थी कि स्मार्ट लैंडर फॉर इन्वेस्टिगेटिंग मून अंतरिक्ष यान ने 30 सितंबर को पृथ्वी की कक्षा छोड़ने के लिए एक इंजन चालू किया। स्पेस एजेंसी के अधिकारियों ने कहा कि इस मिशन ने अपना इंजन 39 सेकंड के लिए चालू किया। जब इसने इंजन चालू किया तब यह दक्षिण अटलांटिक महासागर से लगभग 660 किलोमीटर ऊपर उड़ रहा था। तब स्पेस एजेंसी ने कहा कि अगर सबकुछ ठीक रहा तो 4 अक्टूबर को अंतरिक्ष यान की चंद्रमा से पहली मुलाकात होगी। फिलहाल लगता है कि यह मुलाकात सफल रही है।
चंद्रमा की तरफ भेजा अंतरिक्ष यान – स्लिम मिशन को 6 सितंबर को लॉन्च किया गया था। जिस रॉकेट से यह लॉन्च हुआ था, वह अपने साथ एक एक्सरिम नाम का एक शक्तिशाली टेलीस्कोप भी लेकर गया था। स्लिम टीम के मेंबर्स ने लॉन्चिंग के बाद कुछ सप्ताह तक अंतरिक्ष यान की जांच की। जांच में सबकुछ ठीक रहा, इसलिए शनिवार को टीम ने इंजन बर्न के साथ इसे चंद्रमा की तरफ भेज दिया।
क्या है मिशन – हालांकि स्लिम की लैंडिंग अभी भी काफी दूर है। जाक्सा के अधिकारियों के मुताबिक लॉन्च के तीन से चार महीने के बाद स्लिम चंद्रमा की कक्षा में पहुंचेगा। उसके एक या दो महीने बाद लैंडिंग की कोशिश होगी। जापान की यह कामयाबी ऐतिहासिक होगी। अभी तक सिर्फ सोवियत संघ, संयुक्त राज्य अमेरिका, चीन और भारत को ही चंद्रमा पर सफलतापूर्वक उतरने में कामयाबी मिली है। स्लिम की लैंडिंग और भी महत्वपूर्ण होगी। ऐसा इसलिए क्योंकि यह अपने टार्गेट के 100 मीटर एरिया में उतरेगा।