
मगरमच्छ को पास से देखकर ही हालात पतली हो जाती है। ऐसे में सोशल मीडिया पर वायरल यह वीडियो लोगों को हैरान कर रहा है! जी हां, इस क्लिप में एक मगरमच्छ और शख्स के बीच ऐसा ‘याराना’ है कि कुछ लोगों ने बोल दिया कि भाई को बताए कि वह कुत्ता नहीं, मगरमच्छ है। दरअसल, डॉग्स और इंसानों की दोस्ती काफी मशहूर है, लेकिन मगरमच्छ को एक पालतू जानवर के रूप में देखना काफी दुर्लभ होता है। हालांकि, इस वीडियो ने साबित कर दिया है कि जानवर प्यार की भाषा अच्छे से समझते हैं। उन्हें पता है कि कौन उनके लिए खतरा है, और कौन दोस्त।
लगता है पालतू मगरमच्छ है… : यह क्लिप सिर्फ 15 सेकंड का है, जिसमें हम देख सकते हैं कि एक शख्स नाव में पैर लटकाकर बैठा है। उसके पैर नदी के पानी को छू रहे हैं। अचानक एक मगरमच्छ पानी से निकलकर शख्स के पैरों पर आ जाता है। वह उस मांस के टुकड़े की तरफ देखता है, जिसे शख्स ने हाथ में पकड़ा होता है। मगरमच्छ को थोड़ी देर मांस के टुकड़े के लिए ललचाने के बाद शख्स वह उसको खिला देता है और उसे प्यार से सहलाता है, जिसके बाद मगरमच्छ पानी में लौट जाता है।
43 लाख बार देखा जा चुका है वीडियो : यह वीडियो ट्विटर हैंडल @HoodFamousTV_ से साझा किया गया है। उन्होंने कैप्शन में लिखा- सर, वह कुत्ता नहीं है। खबर लिखे जाने तक क्लिप को 4.3 मिलियन (43 लाख) व्यूज, 99.7 हजार लाइक्स और 15.2 हजार रीट्वीट्स मिल चुके हैं। साथ ही, सैकड़ों यूजर्स ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। कुछ यूजर्स ने लिखा कि पक्का यह फ्लोरिडा का मामला होगा, तो कुछ ने बड़ी हैरानी जताई। वैसे आपका क्या कहना है इस क्लिप को देखकर?
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website