Wednesday , May 20 2026 5:01 PM
Home / News / प्रेस फ्रीडम और मानवाधिकारी उल्लंघन: नॉर्वे की विवादित पत्रकार को भारत से क्या दिक्कत, खुद बताया

प्रेस फ्रीडम और मानवाधिकारी उल्लंघन: नॉर्वे की विवादित पत्रकार को भारत से क्या दिक्कत, खुद बताया


नॉर्वे की विवादित पत्रकार हेला लेंग ने भारत से जुड़े मुद्दों को लेकर अपने विचार व्यक्त किए हैं। हेला लेंग ने यह भी बताया है कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जबरन सवाल पूछने की कोशिश क्यों की। उन्होंने यह भी दावा किया कि वहां मौजूद पत्रकारों को पहले यह नहीं बताया गया था कि इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया से सवाल नहीं लिए जाएंगे। हेला लेंग ने बीबीसी से बात करते हुए कहा कि एक पत्रकार होने के नाते सवाल पूछना उनका काम है। ऐसे में जब कोई ताकतवर देश उनके छोटे से देश में आता है और उनसे संबंध मजबूत करना चाहता है, तो सवाल पूछना उनकी जिम्मेदारी है।
हेला लेंग उस समय चर्चा में आई थीं, जब उन्होंने ओस्लो में पीएम मोदी से सवाल पूछने की कोशिश की थी। पीएम मोदी जब नॉर्वे के प्रधानमंत्री योनास स्टोरे के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस खत्म कर जाने लगे, तब उन्होंने असभ्यता दिखाते हुए चिल्लाते हुए पूछा “प्रधानमंत्री मोदी, आप दुनिया की सबसे स्वतंत्र प्रेस के सवालों को क्यों नहीं लेते?” हेला लेंग के बर्ताव से ऐसा लगा कि वह सवाल पूछना कम लेकिन खुद को चर्चा में लाने की ज्यादा कोशिश कर रही थीं।
भारत में लोकतंत्र पर उठाया सवाल – इस घटनाक्रम के बाद बीबीसी हिंदी के साथ बातचीत में हेला लेंग ने कहा, “भारत में प्रेस की आजादी और मानवाधिकारों के उल्लंघन की मौजूदा स्थिति को देखते हुए, जाहिर है, इस विशाल देश के सबसे शक्तिशाली व्यक्ति से सवाल पूछने की कोशिश करना मेरा फर्ज है। उन्होंने आगे कहा, हमें पहले से ही पता था कि सवालों का कोई दौर नहीं होगा। तो इससे एक पत्रकार के तौर पर मेरा काम और भी ज्यादा महत्वपूर्ण हो जाता है, क्योंकि हम विदेशी नेताओं को सिर्फ लोकतंत्र की बातें करते हुए नहीं देख सकते। आखिर लोकतंत्र है क्या? और आपके प्रधानमंत्री (पीएम मोदी) तो दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का नेतृत्व करने का दावा करते हैं।”
हेला लेंग ने प्रेस फ्रीडम को बताया लोकतंत्र का मानक – हेला लेंग ने आगे कहा, एक रिपोर्टर के तौर पर मेरा फर्ज है कि मैं इन राजकीय दौरों के तौर-तरीकों पर भी सवाल उठाऊं। और भारत में प्रेस की आजादी की मौजूदा स्थिति, और साथ ही मानवाधिकारों के उल्लंघन की घटनाओं को देखते हुए, यह मेरा फर्ज बनता है कि मैं इस विशाल देश के सबसे शक्तिशाली व्यक्ति से सवाल पूछने की कोशिश करूं। नॉर्वे में हमें इस बात पर बहुत गर्व है कि हमारा समाज कैसे काम करता है। हमें इस बात पर गर्व है कि जब हमारे प्रधानमंत्री नॉर्वे की छोटी से छोटी जगहों पर भी जाते हैं – ऐसे गांव भी हो सकते हैं जहाँ सिर्फ कुछ हजार लोग रहते हों – तो भी वे स्थानीय न्यूज स्टेशनों या अख़बारों से बात करने के लिए समय निकालते हैं।
हेला लेंग को भारत पर एम्नेस्टी की रिपोर्ट पर भरोसा – उन्होंने आगे कहा कि वह एम्नेस्टी और ह्यूमन राइट्स वॉच जैसी संस्थाओं की इंटरनेशनल रिपोर्ट्स पर भरोसा करती हूं। उन्होंने आगे कहा कि कल के बाद से मुझे आपके देश के कई भारतीयों से बहुत सारे मैसेज मिले हैं; वे जिन चीज़ों का ज़िक्र कर रहे हैं, वे सचमुच बहुत चिंताजनक हैं। लेकिन ज्यादातर, जैसा कि मुझे पता है, मौजूदा सरकार के समर्थक और विरोधी लोगों के बीच काफी मतभेद हैं। इसलिए, मैं ज्यादातर उन स्रोतों पर भरोसा करती हूं जिन पर मुझे आज भी विश्वास है। और मुझे पता है कि कुछ लोगों के लिए एम्नेस्टी एक विवादित संस्था है। लेकिन मेरे लिए यह विवादित नहीं है।