
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ बांग्लादेश के आधिकारिक दौरे पर जाने वाले हैं। शरीफ के साथ इस दौरे पर पाकिस्तान के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDF) और आर्मी चीफ जनरल असीम मुनीर भी होंगे। बांग्लादेशी पत्रकार और ब्लिट्ज के संपादक सलाह उद्दीन शोएब चौधरी ने यह जानकारी दी है। पाकिस्तान के राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व का यह दौरा बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान की चीन यात्रा के ठीक बाद होने की उम्मीद है।
ढाका और इस्लामाबाद में रक्षा समझौते की तैयारी – चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि शहबाज शरीफ और जनरल असीम मुनीर का यह आधिकारिक दौरा तीन दिनों का होगा। इस दौरान ढाका और इस्लामाबाद के बीच कई समझौतों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। इसके अलावा एक बड़े रक्षा सहयोग पर भी सहमति की उम्मीद है, जिसके तहत पाकिस्तानी सेना बांग्लादेश ऑर्डनेंस फैक्ट्री का आधुनिकी करेगी।
परवेश मुशर्रफ आए थे बांग्लादेश – अगर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बांग्लादेश के दौरे पर आते हैं, तो यह दो दशकों से भी ज्यादा समय में किसी पाकिस्तानी राष्ट्र प्रमुख का यह पहला दौरा होगा। इसके पहले साल 2002 में पाकिस्तान के सैन्य शासक जनरल परवेज मुशर्रफ ने बांग्लादेश का दौरा किया था। शेख हसीना के 15 साल के कार्यकाल के दौरान पाकिस्तान के साथ बांग्लादेश के रिश्ते बहुत खराब स्तर पर पहुंच गए थे। अगस्त 2024 में शेख हसीना को सत्ता से हटाए जाने और बांग्लादेश छोड़कर जाने के बाद आई मोहम्मद यूनुस की सरकार ने पाकिस्तान के लिए दरवाजे खोले थे।
मोहम्मद यूनुस के कार्यकाल में अगस्त 2025 में पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने ढाका का दौरा किया था, जो किसी पाकिस्तानी विदेश मंत्री की 13 साल में पहली यात्रा थी। इस्लामाबाद ने डार की ढाका यात्रा को ऐतिहासिक और पाकिस्तान-बांग्लादेश संबंधों में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया था।
पाकिस्तान-बांग्लादेश सैन्य संबंध – मोहम्मद यूनुस के दौर में बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच सैन्य संबंधों को भी नया आकार मिला जो अब तारिक रहमान की सरकार में भी जारी है। दोनों देशों के बीच उच्च स्तरीय सैन्य प्रतिनिधिमंडल के दौरे जारी है। इसी सप्ताह पाकिस्तानी वायु सेना का एक प्रतिनिधिमंडल ढाका की पांच दिवसीय यात्रा पर है। पाकिस्तानी एयरफोर्स में बांग्लादेश एयर फोर्स के पायलटों को पाकिस्तान के पंजाब में सरगोधा स्थित एयरबेस पर प्रशिक्षण देने का प्रस्ताव रखा है। सरगोधा बेस पाकिस्तान उन 11 सैन्य हवाई अड्डों में है, जिस पर भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हमला किया था।
Home / News / बांग्लादेश के दौरे पर जाएंगे शहबाज शरीफ और असीम मुनीर, रक्षा समझौते की तैयारी, भारत की बढ़ेगी टेंशन
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website