Wednesday , September 16 2026 12:44 PM
Home / News / स्पेन के प्रधानमंत्री ने कैटालोनिया संसद को भंग किया, 21 दिसंबर को होंगे क्षेत्रीय चुनाव

स्पेन के प्रधानमंत्री ने कैटालोनिया संसद को भंग किया, 21 दिसंबर को होंगे क्षेत्रीय चुनाव


बार्सिलोना: स्पेन के प्रधानमंत्री मरिआनो रजोय ने आज कहा उन्होंने कातालूनीया की संसद भंग कर दी है और 21 दिसंबर को क्षेत्रीय चुनाव का आह्वान किया है। उन्होंने कैटालोनिया में अलगाववादी आंदोलन को रोकने के लिए सीनेट द्वारा प्रदत्त अधिकारों के तहत ऐसा किया।

रजोय ने यह भी कहा कि उन्होंने कैटालोनिया के अलगाववादी नेता काल्र्स पुइगदेमोंत और उनके प्रशासन को औपचारिक रूप से बर्खास्त कर दिया। ऐसा उन्होंने स्थिति सामान्य करने के उपायों के तहत किया। इससे पहले आज कैटालोनिया की संसद ने आजादी के पक्ष में मतदान किया था। विपक्ष के वाकआउट के बावजूद कैटालोनिया की संसद में प्रस्ताव पर गुप्त मतदान हुआ।

आजादी की घोषणा वाले प्रस्ताव के पक्ष में 70 वोट आए, जबकि विपक्ष में 10 वोट पड़े। दो सदस्य मतदान से अनुपस्थित रहे। कैटालोनिया की 135 सदस्यीय संसद में विपक्षी सांसदों ने प्रस्ताव पर विचार करने से इनकार किया और वाकआउट कर गए। एक ने इसे लोकतंत्र के लिए ‘काला दिन’ करार दिया।