
जापान के उत्तरी द्वीप होक्काइडो में सोमवार 25 अप्रैस को तड़के भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए हैं। अमेरिका और जापान की मौसम एजेंसियों ने इसकी जानकारी दी है। हाल के दिनों में जापान में आए भूकंपों में यह सबसे शक्तिशाली है,जिसकी तीव्रता 6.2 मापी गई है। जापान की मौसम एजेंसी ने अपने शुरुआती अनुमान में तीव्रता 6.1 बताई थी,लेकिन बाद में इसे संशोधित करके बढ़ा दिया गया।
जापानी मौसम एजेंसी के अनुसार, यह भूकंप जापान के स्थानीय समयानुसार सुबह 5 बजकर 23 मिनट पर आया। इसका केंद्र होक्काइडो के दक्षिणी क्षेत्र में 83 किलोमीटर की गहराई पर था। फिलहाल सुनामी की कोई चेतावनी नहीं जारी की गई है, लेकिन मौसम एजेंसी ने कहा है कि आने वाले हफ्ते में इस क्षेत्र में इसी तीव्रता के और भूकंप आने का खतरा है।
भूस्खलन का खतरा – अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे के अनुमान के अनुसार, भूकंप से संपत्ति को नुकसान और जान को बहुत कम खतरा है, क्योंकि इस क्षेत्र में आबादी बहुत कम है। हालांकि, जापानी मौसम एजेंसी के एक अधिकारी ने बताया कि जिन इलाकों में जोरदार झटके महसूस किए गए हैं, वहां चट्टानें गिरने और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।
बीते सप्ताह आया था शक्तिशाली भूकंप – ये भूकंप के झटके जापानी मौसम एजेंसी की उस चेतावनी के एक हफ्ते से भी कम समय बाद आए हैं, जिसमें उसने पिछले सोमवार को उत्तरी इवाते प्रांत के तट पर आए 7.7 तीव्रता के भूकंप के बाद एक बड़े भूकंप के खतरे के बारे में आगाह किया था, जिसकी तीव्रता 8.0 या उससे ज्यादा हो सकती है।
पिछले सप्ताह आए तेज भूकंप के दौरान टोक्यो की ऊंची इमारतें हिलने लगी थीं। इसमें 6 लोग घायल हुए थे, वहीं 80 सेंटीमीटर ऊंची सुनामी की लहरें भी उठीं जो इवाते के एक बंदरगाह से टकराईं। उत्तरी जापान के अन्य हिस्सों से भी छोटी लहरें टकराई थीं। जापान दुनिया के उन देशों में से एक है, जहां भूकंप का खतरा सबसे ज्यादा रहता है। यह पैसिफिक ‘रिंग ऑफ फायर’ के साथ ही चार मुख्य टेक्टोनिक प्लेटों पर स्थित है, जो इसे भूकंप के लिए संवेदनशील क्षेत्र बनाता है।
Home / Uncategorized / जापान के होक्काइडो द्वीप में भूकंप के जोरदार झटके, 6.2 की तीव्रता से कांपी धरती
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website