Thursday , June 11 2026 10:34 PM
Home / News / यह अवसर हमारे समाज में… बकरीद पर पीएम मोदी ने देशवासियों को दी बधाई; दिया खास संदेश

यह अवसर हमारे समाज में… बकरीद पर पीएम मोदी ने देशवासियों को दी बधाई; दिया खास संदेश


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईद-उल-अधा (बकरीद) के अवसर पर देशवासियों को बधाई दी है। पीएम मोदी ने एक्स हैंडल पर लिखा “ईद-उल-अधा की हार्दिक शुभकामनाएं! ईश्वर करे कि यह अवसर हमारे समाज में भाईचारे और खुशियों की भावना को और गहरा करे। सभी की सफलता और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना।” बता दें कि आज देश में मुस्लिम समुदाय पूरे हर्षोल्लास से बकरीद का पर्व मना रहा है। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद समेत देश के सभी शहरों की मस्जिदों में नमाज अदा की जा रही है।
बकरीद पर सुरक्षा व्यवस्था टाइट – बकरीद (ईद-उल-अधा) के उत्सव के लिए दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान और कर्नाटक जैसे प्रमुख राज्यों में सुरक्षा व्यवस्था टाइट की गई है। कानून व्यवस्था और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती, ड्रोन निगरानी, यातायात में बदलाव और सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी जैसे उपाय किए गए हैं।
पीएम मोदी ने महान एनटीआर गारू को दी श्रद्धांजलि – इसके अलावा पीएम नरेंद्र मोदी ने महान एनटीआर गारू को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा “जन कल्याण और शासन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा, जिसने गरीबों और वंचितों के लिए सम्मान सुनिश्चित किया। सिनेमा में उनका योगदान पीढ़ियों को मंत्रमुग्ध करता रहेगा। उनका जीवन और आदर्श अपार प्रेरणा का स्रोत हैं। मेरे मित्र चंद्रबाबू नायडू गारू के नेतृत्व में आंध्र प्रदेश की एनडीए सरकार, जनता के लिए उनके द्वारा संजोए गए सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।”
पीएम मोदी ने वीर सावरकर जयंती पर दी श्रद्धांजलि – पीएम मोदी ने एक्स हैंडल पर लिखते हुए कहा “महान क्रांतिकारी और प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक वीर सावरकर जी को उनकी जयंती पर सादर नमन!वीरता और बौद्धिकता से भरा उनका व्यक्तित्व देश की हर पीढ़ी को प्रेरित करता रहेगा। अनन्तोद्भूतभूतौघसङ्कुले भूतलेऽखिले। शस्त्रे शास्त्रे त्रिचतुराश्चतुरा यदि मादृशा।”