
नई दिल्ली | भारत ने 2025 चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब रोहित शर्मा की कप्तानी में जीता। इसके बाद भी जब भारतीय टीम अपनी अगली वनडे सीरीज खेलने उतरी तो रोहित को कप्तानी से हटा दिया गया। रोहित की जगह उनके साथी ओपनर शुभमन गिल को कप्तानी की जिम्मेदारी मिली। गिल ने अभी तक 12 वनडे में भारत की कप्तानी की है और टीम को 6 हार मिली है।
शुभमन गिल 4 में से तीन वनडे सीरीज हार चुके – शुभमन गिल की कप्तानी में भारत को चार में से तीन वनडे सीरीज में हार मिली है। पिछले साल ऑस्ट्रेलिया में भारत 3 मैचों की सीरीज 2-1 से हारा था। इस साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड ने भी 2-1 से हराया और अब इंग्लैंड के खिलाफ भी 2-1 से हार झेलनी पड़ी। उनकी कप्तानी में भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ 3 मैचों की सीरीज को 3-0 से जीता। वहीं साउथ अफ्रीका के खिलाफ पिछले साल नवंबर-दिसंबर में हुई वनडे सीरीज गिल इंजरी की वजह से नहीं खेले थे। टीम को केएल राहुल की कप्तानी में जीत मिली थी।
12 मैचों में 9 बार टॉस हारे शुभमन गिल – टॉस के मामले में भी शुभमन गिल काफी अनलकी रहे हैं। वनडे में कप्तान के रूप में उन्होंने जो 12 मुकाबले खेले हैं, उसमें सिर्फ 3 बार ही टॉस जीता है। 9 बार सिक्का विपक्षी टीम के पक्ष में गिरा। उन 9 मैचों में भारत को 5 हार मिली। इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के तीनों ही मुकाबलों में शुभमन गिल टॉस हार गए।
रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत को 56 वनडे में सिर्फ 12 हार मिली थी। वहीं गिल की कप्तानी में 12 मैचों में 6 हार मिल चुकी है। यानी टीम सिर्फ 50 प्रतिशत मैच जीती है। 2000 के बाद से किसी भी भारतीय कप्तान का सबसे खराब विनिंग प्रतिशत है।
2027 में वनडे विश्व कप होना है – अगले साल साउथ अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्वे की मेजबानी में वनडे विश्व कप होना है। टीम के प्रदर्शन में सुधार नहीं हुआ तो गिल की कप्तानी खतरे में आ जाएगी। गिल के प्लेइंग इलेवन के सिलेक्शन पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्टार स्पिनर कुलदीप यादव को इंग्लैंड में एक भी वनडे खेलने का मौका नहीं मिला।
Home / Sports / चार सीरीज में तीन हार, टॉस तक नहीं जीत रहे, शुभमन गिल को वनडे कप्तान बनाने का फैसला उल्टा पड़ रहा
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website