Monday , November 23 2026 9:11 AM
Home / News / भारत की कम ब्याज दरों के फैन हुए ट्रंप, US सेंट्रल बैंक को दी सीखने की सलाह, कहा- 20 फीसदी होगी ग्रोथ

भारत की कम ब्याज दरों के फैन हुए ट्रंप, US सेंट्रल बैंक को दी सीखने की सलाह, कहा- 20 फीसदी होगी ग्रोथ


अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की कम ब्याज दरों की तारीफ करते हुए अमेरिकी सेंट्रल बैंक की आलोचना की है। ट्रंप ने भारत को एक उदाहरण के तौर पर पेश किया और कहा कि अमेरिका अगर इसी तरह की उदार नीति अपनाता है तो उसकी अर्थव्यवस्था इससे भी तेज तरक्की कर सकती है। उन्होंने कहा कि जब भी अमेरिका के आर्थिक आंकड़े मजबूत होते हैं, फेडरल रिजर्व ब्याज दरें बढ़ाकर “देश को बर्बाद” कर देता है।
फेडरल रिजर्व को बताया पॉलिटिकल – ट्रंप ने अमेरिकी फेडरल रिजर्व पर राजनीतिक होने का आरोप लगाया और देश की कम विकास दर के लिए ब्याज दरों में की गई बढ़ोतरी को जिम्मेदार ठहराया। वॉइट हाउस में एक प्रेस कॉन्फ्रेस के दौरान ट्रंप ने कहा कि दुनिया में सबसे कम ब्याज दरें अमेरिका में होनी चाहिए। इस दौरान उनके साथ उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी मौजूद थे।
सेंट्रल बैंक को भारत से सीखने की सलाह – ट्रंप ने भारत की 7 फीसदी विकास दर का जिक्र किया और कहा कि अगर अमेरिका ब्याज दरें कम कर दे तो उसकी विकास दर 15 से 20 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। उन्होंने कहा, “ब्याज दरें बहुत ऊंची हैं क्योंकि हमारा फेडरल रिजर्व बहुत ज्यादा राजनीतिक हो गया है। मैं इसके लिए चेयरमैन को दोष नहीं दे रहा, मैं इस बात को दोष दे रहा हूं कि हमारा फेडरल रिजर्व बहुत ज्यादा राजनीतिक है।”
ट्रंप ने कहा कि जब भी देश के आर्थिक आंकड़े अच्छे हों ब्याज दरें कम होनी चाहिए, लेकिन इसका उल्टा हो रहा है। उन्होंने कहा, “जब भी हम अच्छे आर्थिक आंकड़े जारी करते हैं, तो फेडरल रिजर्व ब्याज दरों को बढ़ा देता है। वे ऐसा जानबूझकर करते हैं।” इसके बाद ट्रंप ने भारत का उदाहरण देकर अमेरिका को उससे सीखने की सलाह दी।
भारत को देखिए, वहां ब्याज दरें कम हैं और GDP विकास दर 7 प्रतिशत है। अगर हम ऐसा करें तो हमारी जीडीपी विकास दर 14, 15 या शायद 20 फीसदी तक हो सकती है। यह वाकई दुखद है कि जब हम इतना अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो वे ब्याज दरें बढ़ा देते हैं। डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिकी राष्ट्रपति
ब्याज दर कम करने का समर्थन – ट्रंप ने अमेरिकी फेडरल रिजर्व के पूर्व चेयरमैन एलन ग्रीनस्पैन के अपने कार्यकाल के दौरान उठाए गए कदमों की तारीफ की। ट्रंप ने कहा कि एलन ग्रीनस्पैन एक बेहतरीन फेडरल चेयरमैन थे। जब आर्थिक आंकड़े अच्छे होते थे, तो वे ब्याज दरें कम कर देते थे।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि जब आंकड़े अच्छे होते हैं, तो क्रेडिट की स्थिति भी अच्छी होती है, लेकिन हम इसका उल्टा कर रहे हैं। अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने इसी साल सितम्बर में ब्याज दरों में बढ़ोतरी की थी, जो 2023 के बाद पहली बार था। हालांकि, ट्रंप ने इसमें कटौती की मांग की थी लेकिन फेडरल रिजर्व के अध्यक्ष केवल वॉर्श ने महंगाई से निपटने की जरूरत पर जोर दिया।
कभी भारत को कहा था डेड इकोनॉमी – आज ट्रंप भारत की आर्थिक वृद्धि की तारीफ कर रहे हैं और अमेरिका को उससे सीखने की सलाह दे रहे हैं, लेकिन एक समय ऐसा भी था जब उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था को ‘डेड’ बताया था। ट्रंप ने जुलाई 2025 में अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक तीखी पोस्ट में भारत और रूस पर निशाना साधा था।
उन्होंने कहा कि इन दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाएं मृत हैं। टैरिफ विवाद के बीच ट्रंप ने लिखा था कि “मुझे इस बात की परवाह नहीं है कि भारत रूस के साथ क्या-क्या करता है, लेकिन वे दोनों मिलकर अपने डेड इकोनॉमी को और नीचे गिरा सकते हैं। मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता।”