Tuesday , February 10 2026 6:12 AM
Home / News / ईरान पर हमले के लिए ट्रंप का नया बहाना, न्यूक्लियर हथियारों पर आखिरी अल्टीमेटम, युद्ध होकर रहेगा?

ईरान पर हमले के लिए ट्रंप का नया बहाना, न्यूक्लियर हथियारों पर आखिरी अल्टीमेटम, युद्ध होकर रहेगा?


अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर भीषण हमले की चेतावनी दी है। अमेरिका का एयरक्राफ्ट कैरियर USS अब्राहम लिंकन पहले ही मिडिल ईस्ट पहुंच गया है। वहीं तीन डिस्ट्रॉयर जहाज USS फ्रैंक ई. पीटरसन जूनियर, USS स्प्रुअंस और USS माइकल मर्फी भी इसके साथ मौजूद हैं। ये चारों मिलकर यकीनन तबाही मचाने के लिए काफी हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को ईरान के लिए न्यूक्लियर अल्टीमेटम जारी किए हैं। उन्होंने कहा है कि अगर ईरान परमाणु हथियारों पर बात करने टेबल पर नहीं आता है तो अगला हमला ‘बहुत बुरा’ होगा।
ट्रंप की धमकी पर ईरान ने पलटवार किया है और हमला होने की स्थिति में अंजाम भुगतने की धमकी दी है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि “उम्मीद है कि ईरान जल्दी ही ‘बातचीत की टेबल पर आएगा’ और एक निष्पक्ष और सही डील करेगा, कोई न्यूक्लियर हथियार नहीं, एक ऐसी डील जो सभी पक्षों के लिए अच्छी हो। ईरान के हाथ से समय भाग रहा है और ये वास्तव में बहुत जरूरी है।” ट्रंप ने साफ शब्दों में लिखा है कि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं हो सकते हैं।