Saturday , November 14 2026 8:13 AM
Home / Sports / भारत और न्यूजीलैंड के टी20 सीरीज से पहले दो खिलाड़ी चोटिल होकर बाहर, रिप्लेसमेंट का ऐलान किया गया

भारत और न्यूजीलैंड के टी20 सीरीज से पहले दो खिलाड़ी चोटिल होकर बाहर, रिप्लेसमेंट का ऐलान किया गया


भारतीय टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के बाद न्यूजीलैंड दौरे पर जाएगी। 22 अक्टूबर से वहां टी20 सीरीज खेली जानी है। 5 मैचों की इस सीरीज से पहले न्यूजीलैंड को तगड़ा झटका लगा है। टीम के दो खिलाड़ी मार्क चैपमैन और जैक फाउल्क्स चोट के कारण बाहर हो गए हैं। चैपमैन न्यूजीलैंड की टी20 टीम के प्रमुख खिलाड़ी हैं और मध्यक्रम में बल्ले से मैच का रुख बदल सकते हैं।
न्यूजीलैंड ने रिप्लेसमेंट का ऐलान किया – न्यूजीलैंड की टीम में इन दोनों खिलाड़ियों की जगह ऑलराउंडर जोश क्लार्कसन और तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनर को टीम में शामिल किया गया है। मार्क चैपमैन को बाएं पैर की हैमस्ट्रिंग में चोट लगी है। उन्हें यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग के दौरान यह चोट लगी थी। इसी वजह से वह भारत के खिलाफ टी20 सीरीज में नहीं खेल पाएंगे। हालांकि माना जा रहा है कि वह भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए उपलब्ध रहेंगे।
दूसरी तरफ जैक फाउल्क्स को कैंटरबरी में अभ्यास सत्र के दौरान दाएं पैर के हिप फ्लेक्सर में चोट लगी। 24 साल के तेज गेंदबाज फाउल्क्स के 22 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 22 विकेट हैं। उनकी वापसी पर अभी तक कोई अपडेट नहीं है। न्यूजीलैंड के कोच रॉब वाल्टर ने कहा, ‘मैं मार्क और जैक के लिए बहुत दुखी हूं और उम्मीद करता हूं कि वे जल्द ही ठीक हो जाएंगे। हम खुशकिस्मत हैं कि हमें जोश और ब्लेयर की विशेषज्ञता का लाभ मिल रहा है। मुझे पता है कि वे दोनों ही एक शानदार टी20 सीरीज का हिस्सा बनने के लिए बहुत उत्साहित हैं।’
टी20 के बाद वनडे और टेस्ट सीरीज भी – न्यूजीलैंड की टीम मिचेल सैंटनर की कप्तानी में मैदान पर उतरेगी। मार्च में भारत ने न्यूजीलैंड को ही हराकर टी20 विश्व कप का खिताब जीता था। टी20 सीरीज का पहला और दूसरा मुकाबला क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा। 27 अक्टूबर को वेलिंग्टन, 30 को ऑकलैंड और एक नवंबर को हैमिल्टन में भिड़ंत होगी। इसके बाद 4 नवंबर से वनडे सीरीज खेली जाएगी। 5 मैचों की वनडे सीरीज के बाद 19 नवंबर से दो मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू होगी।
भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की अपडेटेड टीम: मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, जोश क्लार्कसन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, बेवोन जैकब्स, काइल जैमीसन, एडम मिल्ने, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, टिम साइफर्ट, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर।