Wednesday , November 11 2026 4:00 AM
Home / Uncategorized / यूक्रेन ने ढूंढ़ लिया रूस की ओरेश्निक मिसाइलों का तोड़! बनाएगा अपनी स्पेस फोर्स, संसद ने दी मंजूरी

यूक्रेन ने ढूंढ़ लिया रूस की ओरेश्निक मिसाइलों का तोड़! बनाएगा अपनी स्पेस फोर्स, संसद ने दी मंजूरी


यूक्रेन अपनी स्पेस फोर्स बनाएगा। देश की संसद ने सशस्त्र बलों के भीतर ‘स्पेस फोर्स’ स्थापित करने से जुड़े कानून को मंजूरी दी है। यूक्रेन का कहना है कि स्पेस फोर्स से स्वतंत्र सैटेलाइट संचार और अंतरिक्ष-आधारित खुफिया क्षमताएं विकसित करने में मदद मिलेगी। इसे खासतौर से रूसी ओरेश्निक बैलिस्टिक मिसाइलों के बचाव की तरह देखा जा रहा है। इससे यूक्रेन की मिसाइल हमलों के खिलाफ अर्ली-वार्निंग सिस्टम मजबूत करने की योजना तेजी से आगे बढ़ेगी ।
यूनाइटेड24 मीडिया के मुताबिक, यूक्रेन की संसद ने सोमवार, 9 नवंबर को स्पेस फोर्स बनाने वाले कानून की पहली रीडिंग (पहले चरण) को मंजूरी दी है। इससे यूक्रेन की अंतरिक्ष अभियानों और रक्षा क्षमताओं के लिए समर्पित नई सैन्य शाखा के गठन का रास्ता साफ हो गया है। हालांकि कानून बनने से पहले इस विधेयक को दूसरी रीडिंग से गुजरना होगा।
स्पेस फोर्स से क्या होगा – यूक्रेन की इस प्रस्तावित स्पेस फोर्सेज का काम रूसी इलाके से मिसाइल लॉन्च का पता लगाने की क्षमता बढ़ाने (समय रहते अलर्ट देना), सुरक्षित मिलिट्री सैटेलाइट कम्युनिकेशन बनाना और स्पेस से होने वाले खतरों का मुकाबला करने के लिए नई तकनीक तैयार करना होगा। साथ ही इसमें यूक्रेन की घरेलू स्पेस इंडस्ट्री को मजबूत करने के लिए रिकॉनिसेंस सैटेलाइट और उन्हें ऑर्बिट में भेजने में सक्षम सिस्टम का डेवलपमेंट शामिल है।
यूक्रेन के पास इन लक्ष्यों को पूरा करने के लिए जरूरी साइंटिफिक, इंजीनियरिंग और इंडस्ट्रियल क्षमताएं पहले से ही हैं। इस पहल का एक मकसद मिलिट्री कम्युनिकेशन और इंटेलिजेंस इकट्ठा करने के लिए विदेशी सैटेलाइट इंफ्रास्ट्रक्चर पर यूक्रेन की निर्भरता को कम करना है। बिल को लाने वाले यूक्रेनी सांसद फेदिर वेनिस्लावस्की ने इंडिपेंडेंट टोही सैटेलाइट ग्रुप और नेशनल सैटेलाइट कम्युनिकेशन नेटवर्क पर जोर दिया है।
रूसी मिसाइल खतरा – इस बिल के लेखकों में से एक फेदिर वेनिस्लावस्की ने प्रस्तावित स्पेस फोर्सेज को एडवांस्ड रूसी बैलिस्टिक मिसाइलों से बचाव की जरूरत से जोड़ा है, जिसमें ओरेशनिक सिस्टम भी शामिल है। इस मिसाइल की उड़ान का रास्ता पृथ्वी के एटमॉस्फियर से आगे तक फैला है। ऐसे में स्पेस फोर्स इस मिसाइल को रोकने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।