
अमेरिका में नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन के शपथग्रहण समारोह के लिए पूर्वाभ्यास में शामिल लोगों को सोमवार को सुरक्षा अधिकारियों के आदेश पर कैपिटल बिल्डिंग के वेस्ट फ्रंट से हटाया गया। अधिकारियों ने बताया कि इन लोगों को वहां से कुछ दूरी पर आग लगने के बाद वहां से निकाला गया। इसके चलते कुछ देर के लिए सिक्यॉरिटी अलर्ट भी जारी किया गया और लॉकडाउन लगा दिया गया। बाद में लॉकडाउन हटा लिया गया।
अधिकारियों के अनुसार वहां एकत्रित व्यक्तियों में सेना का एक बैंड शामिल था। अधिकारियों ने बताया कि इन लोगों को भीतर चलने और कैपिटल परिसर में एक सुरक्षित स्थान पर जाने को कहा गया। पूर्वाभ्यास में शामिल लोगों के अनुसार, सुरक्षा अधिकारियों ने कहा, ‘यह कोई ड्रिल नहीं है।’ कानून प्रवर्तन से जुड़े चार अधिकारियों ने बताया कि कुछ ब्लॉक दूर आग लग गई थी और एहतियात के तौर पर पूर्वाभ्यास स्थल को खाली कराया गया।
बाइडेन के शपथग्रहण के दौरान वॉशिंगटन में 20 हजार नैशनल गार्ड सैनिकों को उतारने की तैयारी की गई है। पहले ही डीसी में 6,200 सैनिक तैनात हैं और शनिवार तक 10 हजार और तैनात कर दिए जाएंगे। पहले सैनिकों को सिर्फ सुरक्षा उपकरण ले जाने की इजाजत थी लेकिन अब उनके पास हैंडगन और राइफलें भी होंगी। तनावपूर्ण हालात के बीच कैपिटल की इमारत के अंदर से नैशनल गार्ड की तस्वीरें सामने आई हैं जिसमें सैकड़ों सैनिक अपने सामान के साथ ही ठंडी फर्श पर सोते दिख रहे हैं। इन तस्वीरों के सामने आने के बाद लोगों ने घटनाक्रम को शर्मनाक बताया है।
नैशनल गार्ड के सैनिकों के अलावा दूसरे अधिकारियों और आठ फुट ऊंचे स्टील के घेरे बनाने का फैसला किया गया है। FBI ने पहले ही चेतावनी दी है कि वॉशिंगटन और सभी 50 राज्यों की राजधानियों में 20 जनवरी तक हमले हो सकते हैं जबकि अकेले कैपिटल में 3 हमलों का प्लान है। सिक्यॉरिटी एक्सपर्ट्स के मुताबिक कट्टरवादी और ट्रंप समर्थक सोशल मीडिया पर डीसी में हिंसा की धमकी दे रहे हैं और पिछले कुछ वक्त में ऐसे मामले बढ़े हैं।
सीक्रेट सर्विस अब समारोह की तैयारियों का जिम्मा संभालेगी और शहर की कई सड़कों को बंद कर दिया जाएगा। कई इलाकों में प्रतिबंध लागू कर दिए गए हैं और स्क्रीनिंग बढ़ा दी गई है। वहीं, बुधवार को रिपब्लिकन नेताओं माइक वॉल्ट्ज और विकी हार्ट्जलर ने सैनिकों को पिज्जा बांटे थे। माना जा रहा है कि गृह युद्ध के बाद ऐसा पहली बार है जब सैनिकों ने कैपिटल के अंदर कैंप बनाया है। स्पीकर नैंसी पेलोसी ने भी इमारत के बाहर सैनिकों को धन्यवाद दिया था। इसके बाद दूसरी बार ट्रंप का महाभियोग करने के प्रस्ताव पर बहस हुई जिसे मान लिया गया था।
इससे पहले कैपिटल हिल के पास एक शख्स को पुलिस ने शुक्रवार को बंदूक और 500 गोलियों के साथ अरेस्ट किया गया था। आरोपी के पास से बाइडन के शपथ ग्रहण समारोह का ‘फर्जी’ पास भी था। आरोपी ने बंदूक और गोलियों को अपने ट्रक के अंदर छिपा रखा था। पकड़े गए आरोपी की पहचान वेस्ले ए बिलर (31) के रूप में की गई है। पकड़े जाने के बाद बिलर ने कहा कि भूलवश वह बंदूक और गोलियां लेकर चले आए।
जो बाइडन का शपथ ग्रहण समारोह 20 जनवरी को होना है और ट्रंप समर्थकों की हिंसा के खतरे को देखते हुए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम किया गया है।
Home / News / अमेरिका: जो बाइडेन के शपथग्रहण से दो दिन पहले कैपिटल के पास लगी आग, जारी किया गया सिक्यॉरिटी अलर्ट
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website