Tuesday , October 13 2026 7:40 PM
Home / Sports / वेस्टइंडीज के हार की सबसे बड़ी वजह क्या रही? कप्तान शाई होप ने साफ शब्दों में बता दिया

वेस्टइंडीज के हार की सबसे बड़ी वजह क्या रही? कप्तान शाई होप ने साफ शब्दों में बता दिया


वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने भारत के खिलाफ तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में 14 रन की हार के बाद कहा कि उनकी टीम गेंदबाजी में बेहतर प्रदर्शन करके मेजबान टीम को कम स्कोर पर रोक सकती थी। भारतीय टीम ने विस्फोटक शुरुआत की। बाद में वेस्टइंडीज ने वापसी की लेकिन इसके बाद भी टीम इंडिया का स्कोर 223 रन तक पहुंच गया।
हार के बाद क्या बोले शाई होप? – वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने मैच के बाद कहा, ‘कई ऐसी चीजें हैं जिनकी ओर आप इशारा कर सकते हैं लेकिन क्रिकेट में मुकाबले छोटे-छोटे अंतर से तय होते हैं। जीतने वाली टीम के तौर पर आप उन अहम पलों को पहचान सकते हैं जिन्होंने मैच का रुख बदला। गेंदबाजी में शायद हम बेहतर प्रदर्शन कर सकते थे और हमने कुछ चौके भी आसानी से दे दिए।’
उन्होंने कहा, ‘हालांकि, मुझे लगता है कि जिस तरह हमने मैच में वापसी की, वह काबिले तारीफ थी। शुरुआत से ही देखें तो वह साझेदारी (अभिषेक और किशन की) काफी खतरनाक थी लेकिन रोस्टन ने कुछ विकेट दिलाए और हमने मुकाबले में वापसी करते हुए स्थिति संभाल ली।’
अभिषेक शर्मा ने 18 गेंद पर फिफ्टी ठोकी – सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की 30 गेंद में पांच छक्कों और छह चौकों से 69 रन की पारी के बावजूद भारतीय टीम पारी की अंतिम गेंद पर 223 रन पर सिमट गई। अभिषेक ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 108 रन जोड़कर भारत को ठोस मंच प्रदान किया। ईशान के बल्ले से 37 रनों की पारी निकली। 8वें ओवर में ही टीम इंडिया 100 रनों के पार पहुंच गई थी।
भारत के 224 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की टीम शिमरोन हेटमायर (43 रन, 26 गेंद, छह चौके, दो छक्के) और कामिल पूरन (42 रन, 27 गेंद, तीन छक्के, तीन चौके) की उम्दा पारियों के बावजूद सात विकेट पर 209 रन ही बना सकी। शमार स्प्रिंगर ने अंत में 11 गेंदों पर 35 रनों की तूफानी पारी खेली लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। भारत की ओर से अर्शदीप ने 44 रन पर तीन जबकि नमन धीर ने 39 रन पर दो विकेट चटकाए।