Tuesday , June 23 2026 5:14 PM
Home / News / कतर के गैस प्लांट धमाके में 12 भारतीयों की मौत, अब तक 13 लोगों की गई जान, 66 घायल, मदद में जुटा भारतीय दूतावास

कतर के गैस प्लांट धमाके में 12 भारतीयों की मौत, अब तक 13 लोगों की गई जान, 66 घायल, मदद में जुटा भारतीय दूतावास


कतर के रास लाफान लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) कॉम्प्लेक्स में हुए भीषण धमाके में 12 भारतीयों की मौत हुई है। इस धमाके में कुल 13 लोग मारे गए हैं। दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने यह जानकारी दी है। दूतावास ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और बताया कि इस घटना में घायल हुए सभी लोगों की हालत स्थिर है और उनका इलाज चल रहा है। इसके पहले कतर के ऊर्जा मंत्री और कतर एनर्जी के मुख्य कार्यकारी साद अल-काबी ने बताया था कि मारे गए लोग भारतीय और पाकिस्तानी नागरिक थे।
गैस प्लांट धमाके में 66 लोग घायल – यह धमाका बरजान गैस फैसिलिटी में हुआ, जो देश के मुख्य LNG उत्पादन और निर्यात केंद्र रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी का हिस्सा है। कतरी अधिकारियों ने इसे तकनीकी दुर्घटना कहा है और इसकी जांच शुरू कर दी है। सोमवार को पत्रकारों से बात करते हुए अल-काबी ने मौतों की पुष्टि की और पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना जाहिर की। इस धमाके में कुल 66 लोग घायल हैं।
भारतीय दूतावास मदद में जुटा – कतर के दोहा स्थित भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पोस्‍ट में पुष्टि करते हुए बताया, ”रविवार रात हुए रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी हादसे में 12 भारतीय नागरिकों की दुर्भाग्यपूर्ण मौत हो गई है। हम इस दुख की घड़ी में मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं।”
अधिकारियों ने बताया है कि हादसे में घायल हुए सभी लोग अभी स्थिर हालत में हैं और उन्हें सही इलाज दिया जा रहा है। दूतावास कतर के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है और इस हादसे से प्रभावित भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों को हर संभव मदद पहुंचाने का काम कर रहा है। इसमें मृतकों के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत भेजने की व्यवस्था करना भी शामिल है।