
रूस ने बीती रात यूक्रेन के कीव और दूसरे शहरों पर सैकड़ों ड्रोन व दर्जनों मिसाइलों से हमला किया। इन हमलों में कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई और 131 व्यक्ति घायल हो गए। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है, जिसमें 60 सेकेंड में चार रूसी मिसाइलों को कीव पर हमला करते दिखाया गया है। इन हमलों में यूक्रेन की राजधानी में धमाकों की तेज आवाज के साथ आग के गुबार को उठते हुए देखा जा सकता है। हालांकि, यह पता नहीं चल सका कि रूस ने किन मिसाइलों से यूक्रेन को निशाना बनाया है।
वीडियो में क्या नजर आया – वीडियो में एक के बाद एक कई रूसी मिसाइलों को कीव पर हमला करते देखा गया। इस दौरान कम से कम चार मिसाइलें कीव के रिहायशी इलाकों पर गिरीं। ये धमाके इतने जोरदार थे कि पूरा इलाका धुएं और आग की गुबार से भर गया। वीडियो में बैकग्राउंड से धमाकों की कई आवाजों को सुना गया। माना जा रहा है कि ये आवाजें कीव पर दूसरे रूसी हमलों और यूक्रेनी एयर डिफेंस के रूसी ड्रोन और मिसाइलों को इंगेज करने केa दौरान के हैं।
पुतिन के आदेश से यूक्रेन पर हुआ हमला – रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने हाल के हफ्तों में मॉस्को के हवाई हमलों का अभियान तेज करने का आदेश दिया है। माना जा रहा है कि इसका उद्देश्य यूक्रेन में अमेरिकी निर्मित वायु रक्षा प्रणालियों की कमी का फायदा उठाना और रूस में बढ़ती निराशा के बीच लोगों को यह विश्वास दिलाना है कि चार साल से जारी युद्ध में देश बढ़त बना रहा है। रूस की ओर से बड़े हवाई हमले की चेतावनी दिए जाने और विदेशी राजनयिकों को यूक्रेन की राजधानी कीव छोड़ने की सलाह दिए जाने के बाद से शहर के निवासी कई दिन से चिंतित थे। हालांकि किसी भी राजनयिक ने इस चेतावनी पर ध्यान नहीं दिया।
जेलेंस्की ने पश्चिम से मांगी मदद – हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा, “रूस के इस व्यापक हमले से स्पष्ट संदेश मिला है कि यदि यूक्रेन को बैलिस्टिक और अन्य मिसाइल हमलों से सुरक्षा नहीं दी गई, तो ये हमले जारी रहेंगे।” उन्होंने अमेरिका और यूरोपीय देशों से अधिक समर्थन की अपील की।
फायदा उठाने में जुटा रूस – रूस की रणनीति यूक्रेन में अमेरिका निर्मित पैट्रियट मिसाइलों की कमी का फायदा उठाने की है। ईरान युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय भंडार भी कम हो गए हैं। इसकी वजह से रूसी बैलिस्टिक मिसाइल हमलों से लोगों का बचाव मुश्किल हो गया है, हालांकि यूक्रेनी वायु रक्षा प्रणाली अधिकांश ड्रोन हमलों को विफल कर रही है। यूक्रेनी वायु सेना के अनुसार रूस ने पूरे यूक्रेन में 73 मिसाइलें और 656 ड्रोन दागे। मुख्य लक्ष्य कीव, मध्य यूक्रेन का ड्नीप्रो शहर और पूर्वी शहर पोल्टावा, खार्किव तथा जापोरिज्जिया थे। यूक्रेनी वायु रक्षा बलों ने 40 मिसाइलों और 602 ड्रोन को नष्ट या निष्क्रिय कर दिया।
Home / Uncategorized / 60 सेकेंड में 4 मिसाइल… देखें कैसे रूसी हमलों से दहला यूक्रेन, कीव में भयानक तबाही
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website