Tuesday , March 3 2026 6:07 PM
Home / Sports / 29 गेंदों में 78 रन, 270 का स्ट्राइक रेट… शाहीन अफरीदी को गली का बॉलर बना दिया, न्यूजीलैंड के बल्लेबाज ने किया बुरा हाल

29 गेंदों में 78 रन, 270 का स्ट्राइक रेट… शाहीन अफरीदी को गली का बॉलर बना दिया, न्यूजीलैंड के बल्लेबाज ने किया बुरा हाल


शाहीन अफरीदी को पाकिस्तान का बहुत बड़ा गेंदबाज माना जाता है। लेकिन शाहीन के खिलाफ न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स का रिकॉर्ड बेहद कमाल का है। शाहीन को फिलिप्स किसी गली के बॉलर की तरह मारते हैं।
चैंपियंस ट्रॉफी के पहले ही मैच में पाकिस्तान की टीम को न्यूजीलैंड ने 60 रन से धो दिया। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की टीम ने बोर्ड पर 320 रन का बड़ा स्कोर टांग दिया। जवाब में पाकिस्तान के सभी बल्लेबाज मिलकर सिर्फ 260 रन ही बना पाए। इस मैच में पाकिस्तान की हार लगभग तभी तय हो गई जब उनके स्टार तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी को इस मैच में एक भी विकेट नहीं मिला और उन्हें जमकर मार पड़ी। यहां तक कि न्यूजीलैंड के एक बल्लेबाज का रिकॉर्ड तो शाहीन के खिलाफ ऐसा है जैसे वो किसी गली के बॉलर को मारता हो।
शाहीन अफरीदी को धो देता है ये कीवी बल्लेबाज – न्यूजीलैंड के स्टार खिलाड़ी ग्लेन फिलिप्स अपनी फील्डिंग के चलते दुनियाभर में मशहूर हैं। फिलिप्स ने पाकिस्तान के कप्तान मोहम्मद रिजवान का चील की तरह उड़कर एक कैच पकड़ा। लेकिन फिलिप्स जितने अच्छे फील्डर हैं उतने ही वो तगड़े बल्लेबाज भी हैं। फिलिप्स तेज तर्रार बल्लेबाजी करते हैं और पाकिस्तान के स्टार तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी के खिलाफ उनका रिकॉर्ड कमाल का रहा है।
शाहीन अफरीदी के खिलाफ अगर फिलिप्स के वनडे रिकॉर्ड की बात की जाए उनके बीच 29 गेंदों का सामना हुआ है। इन 29 गेंदों में फिलिप्स ने शाहीन के खिलाफ 78 रन बनाए हैं। शाहीन के खिलाफ फिलिप्स का स्ट्राइक रेट करीब 270 का है। उन्होंने शाहीन के खिलाफ 5 चौके और 7 छक्के लगाए हैं। ये रिकॉर्ड देखने में टी20 फॉर्मेट जैसे हैं, लेकिन असल में शाहीन के खिलाफ फिलिप्स का ये रिकॉर्ड वनडे क्रिकेट में है।
पाकिस्तान की शर्मनाक हार – न्यूजीलैंड ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की। कीवी टीम ने नेशनल बैंक स्टेडियम में गत चैंपियन पाकिस्तान को 60 रनों के बड़े अंतर से हराया। इस हार से पाकिस्तान की बल्लेबाजी लाइनअप की कमजोरियां उजागर हो गईं। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में पांच विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 320 रनों का पहाड़ खड़ा किया और मेजबान पाकिस्तान को जीत के लिए 321 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में पाकिस्तान टीम 47.2 ओवर में 260 रनों पर ही ऑलआउट हो गई।