Wednesday , March 4 2026 8:36 PM
Home / Uncategorized / पाकिस्तान में बलूचों का ऐलान-ऐ-जंग, 17 जगहों पर एक साथ हमले, जानें क्या है ऑपरेशन बाम

पाकिस्तान में बलूचों का ऐलान-ऐ-जंग, 17 जगहों पर एक साथ हमले, जानें क्या है ऑपरेशन बाम

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट (बीएलएफ) ने एक साथ 17 जगहों पर हमले किए हैं। इन हमलों में सुरक्षा बलों, सरकारी कार्यालयों और कम्युनिकेशन लाइनों को निशाना बनाया गया है। बीएलएफ ने कहा है कि वह एक बड़े इलाके में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों को निशाना बना रहा है।
पाकिस्तान के बलूचिस्तान में बलूच विद्रोहियों ने सेना के खिलाफ जंग का ऐलान कर दिया है। उन्होंने मंगलवार देर रात बलूचिस्तान में कई सरकारी प्रतिष्ठानों पर एक साथ हमले किए हैं। राज्य में कई जगहों पर विस्फोटों की भी खबरें हैं। बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट (बीएलएफ) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। बीएलएफ ने कहा है कि उसने पाकिस्तान के खिलाफ “ऑपरेशन बाम (डॉन)” शुरू किया है। इस ऑपरेशन के तहत बलूचिस्तान के पंजगुर, सुरब, केच और खारन सहित विभिन्न जिलों में कम से कम 17 हमले हुए हैं। हालांकि, पाकिस्तानी अधिकारियों ने अभी तक नुकसान की पूरी मात्रा की पुष्टि नहीं की है।
बलूचिस्तान में कई जगहों पर हमले – स्थानीय लोगों ने पूरे बलूचिस्तान में हमले की पुष्टि की है। बीएलएफ ने मुख्य रूप से पाकिस्तान की सैन्य चौकियों, कम्युनिकेशन लाइन और सरकारी कार्यालयों को निशाना बनाया है। बीएलएफ प्रवक्ता मेजर ग्वाराम बलूच ने इस अभियान को “बलूच राष्ट्रीय मुक्ति संग्राम में एक नई सुबह” बताया और कहा कि यह अभियान मकरान तटीय क्षेत्र से लेकर पहाड़ी कोह-ए-सुलेमान पर्वत श्रृंखला तक फैला हुआ है। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तानी सुरक्षा बलों को ज्यादा से ज्यादा संख्या में हताहत करने और उनके ठिकानों को नुकसान पहुंचाने के लिए इन हमलों को सावधानीपूर्वक समन्वित किया गया था।
बीएलफ बोला- हम बड़े इलाके में चला रहे अभियान – मेजर ग्वाहराम ने एक प्रेस बयान में कहा, “प्रतिरोध एक नए चरण में प्रवेश कर गया है। ऑपरेशन बाम यह प्रदर्शित करने के लिए डिजाइन किया गया है कि बलूच लड़ाके विशाल क्षेत्र में बड़े पैमाने पर, समन्वित अभियान चलाने में सक्षम हैं।” उन्होंने आगे कहा कि ऑपरेशन समाप्त होने के बाद बीएलएफ इसके परिणामों के बारे में और विवरण जारी करेगा।
पाकिस्तान में बीएलएफ का सबसे बड़ा हमला – ये हमले हाल के वर्षों में बीएलएफ द्वारा किए गए सबसे बड़े और सबसे समन्वित हमलों में से एक हैं, जो बलूच-बहुल प्रांत में चल रही अशांति और अलगाववादी तनाव को उजागर करते हैं। बीएलएफ लंबे समय से पाकिस्तानी सरकार पर बलूचिस्तान के संसाधनों का दोहन करने और उसके लोगों को बुनियादी अधिकारों और स्वायत्तता से वंचित करने का आरोप लगाता रहा है।