Wednesday , September 10 2025 3:09 AM
Home / Sports / WWE के 5 सबसे लंबे रेसलर्स, जिनकी हाइट किसी महाबली से कम नहीं, एक है 8 फीट लंबा

WWE के 5 सबसे लंबे रेसलर्स, जिनकी हाइट किसी महाबली से कम नहीं, एक है 8 फीट लंबा


WWE में हमेशा से ही लंबे रेसलर्स का दबदबा रहा है। ऐसे में आइए आपको WWE के 5 सबसे लंबे रेसलर्स के बारे में बताते हैं, जिन्होंने WWE में अपनी खास पहचान बनाई।
WWE में हमेशा से ही लंबे रेसलर्स का दबदबा रहा है। 90 के दशक से लेकर आज तक इन जायंट सुपरस्टार्स ने अपनी हाइट और ताकत से फैंस को खूब प्रभावित किया है। लंबे रेसलर्स ने दूसरों में अपना खौफ भी खूब बनाया। इनकी फैन फॉलोइंग भी कमाल की रही। ऐसे में आइए 5 सबसे लंबे रेसलर्स की लिस्ट पर एक नजर डालते हैं, जिन्होंने WWE में अपनी खास पहचान बनाई।
इस लिस्ट में सबसे ऊपर अर्जेंटीना के जायंट गोंजालेज का नाम आता है, जिनकी लंबाई 8 फुट थी। वे पहले बास्केटबॉल खिलाड़ी थे, लेकिन बाद में उन्होंने WWE में एंट्री की। उनका रंग-बिरंगा और फर वाला जंपसूट लुक बहुत ही डरावना था। गोंजालेज का सितंबर 2010 में निधन हो गया, लेकिन आज भी उन्हें WWE के इतिहास में सबसे लंबे रेसलर के तौर पर याद किया जाता है।
दूसरे नंबर पर आंद्रे द जायंट हैं, जिनकी लंबाई 7 फुट 4 इंच थी। अपनी विशाल काया के कारण लोग उन्हें दुनिया का आठवां अजूबा कहते थे। आंद्रे ने न सिर्फ अपनी लंबाई से, बल्कि अपने करिश्माई व्यक्तित्व से भी फैंस का दिल जीता।
तीसरे नंबर पर नाइजीरिया के ओमोस हैं, जो इस समय WWE के सबसे लंबे एक्टिव रेसलर हैं। उनकी लंबाई 7 फुट 3 इंच है। ओमोस ने 2019 में WWE के साथ करार किया था और जल्द ही अपनी ताकत के लिए मशहूर हो गए।
ब्राजील के जायंट सिल्वा इस लिस्ट में चौथे नंबर पर हैं। उनकी लंबाई 7 फुट 2 इंच थी। सिल्वा ने WWE में ज्यादा समय तक काम नहीं किया, लेकिन अपनी विशाल काया के कारण वे इस लिस्ट में शामिल हैं।
इस लिस्ट में पांचवें नंबर पर हमारे भारत के दलीप सिंह राणा उर्फ द ग्रेट खली हैं। उनकी लंबाई 7 फुट 1 इंच है। खली ने WWE में भारतीय रेसलिंग का परचम लहराया और अपनी ताकत से कई बड़े-बड़े रेसलर्स को धूल चटाई।