Monday , February 9 2026 1:13 PM
Home / News / भारत के इतिहास में पहली बार, एक साल में 5 ट्रेड डील, वैश्विक GDP में 50% से अधिक की साझेदारी

भारत के इतिहास में पहली बार, एक साल में 5 ट्रेड डील, वैश्विक GDP में 50% से अधिक की साझेदारी


भारत के आर्थिक इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि देश ने कुछ ही दिनों के अंदर दो बड़े व्यापारिक समझौते किए हैं। अगर पूरे साल भर की बात करें तो भारत ने ऐसे पांच ट्रेड डील किए हैं, जिनकी वैश्विक जीडीपी में कुल हिस्सेदारी 50% से भी ज्यादा है। सबसे ताजा ट्रेड डील की घोषणा अमेरिका के साथ हुई है, जो पिछले कुछ महीने से दोनों देशों में तनाव की बड़ी वजह बनी हुई थी। अमेरिका भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझीदार है, जहां पिछले वित्त वर्ष (2025) में भारत के कुल निर्यात का करीब 20% माल गया और हमारे आयात में उनकी हिस्सेदारी 6.3% रही।
भारत-अमेरिका में ऐतिहासिक ट्रेड डील – अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार देर रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन पर बात करने के साथ ही भारतीय सामानों पर लगने वाले टैरिफ को 25% से घटाकर 18% कर दिया। यही नहीं,ET की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका ने रूस से तेल खरीदने के लिए जो अतिरिक्त 25% टैरिफ लगाया था, उसे भी खत्म किया जा रहा है। भारत के लिए यह बहुत बड़ी सफलता है, क्योंकि अमेरिका हमारा सबसे बड़ा व्यापारिक सहयोगी है, वह हमारे सामानों का सबसे बड़ा आयातक है और भारत के 20% माल की सप्लाई वहीं होती है। दोनों देशों के बीच ट्रंप के मौजूदा कार्यकाल शुरू होने के बाद से ही द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बात चल रही थी, जिसके तहत मौजूदा 191 अरब डॉलर के व्यापार को 2030 तक 500 अरब डॉलर तक ले जाने का लक्ष्य है।
एक साल में भारत की पांचवीं ट्रेड डील -कुछ ही दिन पहले भारत और यूरोपियन यूनियन ने भी फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) पर मुहर लगाई है। इस तरह से भारत के आर्थिक इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि दुनिया के दो सबसे बड़े व्यापारिक समूहों के साथ इसकी व्यापारिक संधि हो गई है। इस तरह से बीते एक साल के अंदर भारत ने पांच ट्रेड डील पूरे कर लिए हैं। अमेरिका और यूरोपियन यूनियन से पहले भारत ने ब्रिटेन (यूके), ओमान और न्यूजीलैंड से भी ट्रेड डील कर ली है।