Friday , November 20 2026 3:38 PM
Home / Sports / 2 बल्लेबाजों ने बना दिए 293 रन, 55 पर सिमटी बाकी टीम, न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 368 रन बनाए, भारत पर भारी पड़ीं ये गलतियां

2 बल्लेबाजों ने बना दिए 293 रन, 55 पर सिमटी बाकी टीम, न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 368 रन बनाए, भारत पर भारी पड़ीं ये गलतियां

भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड ने 368 रन बनाए हैं। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कीवी टीम अपने ही जाल में फंस गई थी। ग्रीन विकेट पर 70 रन के स्कोर पर 5 विकेट गिर गए थे। इसके बाद हेनरी निकोल्स ने ग्लेन फिलिप्स के साथ 216 रन की साझेदारी कर टीम की वापसी कराई और न्यूजीलैंड को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। ग्लेन फिलिप्स 118 और रन बनाकर आउट हुए। वहीं, निकोल्स 175 रन बनाकर नाबाद रहे।
दो बल्लेबाजों ने मिलकर 293 रन बनाए – 70 रन पर 5 विकेट गिरने के बाद हेनरी निकोल्स और ग्लेन फिलिप्स ने पारी संभाली। इन दोनों ने मैच के दूसरे और तीसरे सत्र में कोई विकेट नहीं गिरने दिया। निकोल्स ने दिन के अंत में शतक लगाया और फिलिप्स 94 रन पर नाबाद रहे। अगले दिन फिलिप्स 118 रन के निजी स्कोर पर आउट हुए। इन दोनों ने छठे विकेट के लिए 216 रन की शानदार साझेदारी की। इन दोनों ने मिलकर 293 रन बना दिए। निकोल्स 175 रन बनाकर नाबाद रहे।
भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन – भारत के लिए जसप्रीत बुमराह इस मैच में सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 29 ओवर में 92 रन देकर 4 विकेट लिए। आकाशदीप ने 23 ओवर में 53 रन देकर 3 विकेट लिए। अंशुल कंबोज को 23 ओवर में 69 रन खर्च करने के बाद 2 विकेट मिले। प्रसिद्ध कृष्णा ने 26 ओवर में सबसे ज्यादा 100 रन लुटा दिए और उन्हें सिर्फ एक विकेट मिला। वॉशिंगटन सुंदर ने 20 ओवर में 45 रन दिए, उन्हें कोई विकेट नहीं मिला।
55 रन पर गिरे 9 विकेट – न्यूजीलैंड के लिए ग्लेन फिलिप्स और हेनरी निकोल्स को छोड़कर बाकी सारे बल्लेबाज फ्लॉप रहे। टीम के अन्य 9 बल्लेबाजों ने मिलकर 55 रन बनाए। इनका स्कोर 0,4,15,1,5,14,11,1,4 रहा। हेनरी एक छोर पर 175 रन बनाकर नाबाद रहे। दूसरे छोर पर उनके सामने 9 विकेट गिर गए। निकोल्स पारी के पहले ओवर में ही बल्लेबाजी करने आए थे और अंत तक नाबाद रहे, लेकिन फिलिप्स के अलावा कोई उनका साथ नहीं दे सका।
भारत पर भारी पड़ी ये गलतियां – भारतीय टीम ने इस मैच में हेनरी निकोल्स का आसान कैच छोड़ दिया। शतक लगाने के बाद उनका ध्यान भंग हुआ था और प्रसिद्ध कृष्णा की शॉर्ट बॉल पर उन्होंने पुल शॉट खेलने की कोशिश की थी। गेंद सीधे देवदत्त पडीक्कल के हाथों में जा रही थी, लेकिन ऋषभ पंत उनकी तरफ दौड़ते चले आए। इस वजह से उनसे भी कैच छूट गया और निकोल्स को अहम जीवनदान मिल गया। इस वजह से वह 150 रन से ज्यादा की पारी खेलने में सफल रहे। अगर उस समय उनका विकेट गिरता तो दूसरे दिन पहले सत्र में ही कीवी टीम का ऑलआउट होना तय था। छठे विकेट के लिए जो साझेदारी 216 रन की हुई वह 153 रन पर टूट सकती थी।