Thursday , April 2 2026 7:36 PM
Home / Sports / वेस्टइंडीज क्रिकेट में हड़कंप! ICC ने जेवन सियर्स समेत 3 को किया सस्पेंड, फिक्सिंग और सबूतों से छेड़छाड़ के लगे बड़े आरोप

वेस्टइंडीज क्रिकेट में हड़कंप! ICC ने जेवन सियर्स समेत 3 को किया सस्पेंड, फिक्सिंग और सबूतों से छेड़छाड़ के लगे बड़े आरोप


वेस्टइंडीज क्रिकेट में भ्रष्टाचार का एक बड़ा मुद्दा बाहर आया है। आईसीसी ने बारबाडोस में आयोजित Bim10 लीग 2023/24 के दौरान भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों में वेस्टइंडीज के खिलाड़ी जेवन सियर्स समेत तीन लोगों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। एक बार फिर से क्रिकेट जैसे अच्छे खेल को बर्बाद करने का कोशिश को आईसीसी ने नाकाम कर दिया है।
मैच फिक्सिंग और जांच में बाधा डालने के गंभीर आरोप – ICC ने वेस्टइंडीज के खिलाड़ी जेवन सियर्स, टीम अधिकारी ट्रेवॉन ग्रिफिथ और टाइटंस टीम के मालिक चितरंजन राठौड़ पर भ्रष्टाचार विरोधी संहिता के उल्लंघन के आरोप लगाए हैं। इन तीनों पर Bim10 टूर्नामेंट के परिणामों और खेल की घटनाओं को गलत तरीके से प्रभावित करने यानी फिक्सिंग की कोशिश करने का आरोप है। इसके अलावा, इन पर अन्य खिलाड़ियों को भ्रष्टाचार के लिए उकसाने और एंटी-करप्शन अधिकारियों की जांच में सहयोग न करने का भी दोष मढ़ा गया है।
ट्रेवॉन ग्रिफिथ पर आईसीसी के कड़े नियम लागू – टीम अधिकारी ट्रेवॉन ग्रिफिथ की मुश्किलें सबसे ज्यादा बढ़ती नजर आ रही हैं। उन पर सीडब्ल्यूआई (CWI) कोड के साथ-साथ आईसीसी के अंतरराष्ट्रीय एंटी-करप्शन कोड के उल्लंघन का भी आरोप है। ग्रिफिथ पर आरोप है कि उन्होंने जांच से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी को छिपाने या उससे छेड़छाड़ करने की कोशिश की, ताकि भ्रष्टाचार के सबूतों को दबाया जा सके। जेवन सियर्स और ग्रिफिथ दोनों पर उन ऑफर या निमंत्रण का खुलासा न करने का भी आरोप है जो उन्हें फिक्सिंग के लिए दिए गए थे।
तत्काल निलंबन और 14 दिनों का अल्टीमेटम – आईसीसी ने सख्त रुख अपनाते हुए राठौड़, सियर्स और ग्रिफिथ को तत्काल प्रभाव से क्रिकेट की सभी गतिविधियों से अनंतिम रूप से निलंबित कर दिया है। इन तीनों के पास 11 मार्च 2026 से 14 दिनों का समय है, जिसके भीतर उन्हें इन गंभीर आरोपों पर अपना जवाब दाखिल करना होगा। यह कार्रवाई उस बड़ी जांच का हिस्सा है जिसके तहत जनवरी में अमेरिका के खिलाड़ी आरोन जोन्स को भी फंसाया गया था।