Tuesday , March 17 2026 10:09 AM
Home / News / ईरान नहीं रूस में हैं मोजतबा खामेनेई, पुतिन ने विशेष विमान भेजकर बुलाया, मॉस्को में की गई सर्जरी, दावा

ईरान नहीं रूस में हैं मोजतबा खामेनेई, पुतिन ने विशेष विमान भेजकर बुलाया, मॉस्को में की गई सर्जरी, दावा


ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई का कथित तौर पर रूस की राजधानी मॉस्को में इलाज चल रहा है। तेहरान पर अमेरिका और इजरायल के हवाई हमलों में घायल होने के बाद उनको इलाज के लिए रूस भेजा गया है। बताया गया है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उनको मॉस्को में ट्रीटमेंट कराने का ऑफर दिया था। मोजतबा खामेनेई के सार्वजनिक तौर पर ना दिखने की वजह से उनके देश से बाहर होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि ईरान ने इन दावों के उलट खामेनेई के पूरी तरह स्वस्थ और ईरान में होने की बात कही है।
कुवैती अखबार ‘अल-जरीदा’ की एक रिपोर्ट के अनुसार, 28 फरवरी को हुए जिस हमले में अली खामेनेई की मौत हुई थी, उसमें मोजतबा भी घायल हुए। इसके बाद उनको चुपताप एक रूसी सैन्य विमान से मॉस्को भेजा गया। रिपोर्ट में कहा गया है कि खामेनेई की टांग की सर्जरी सफलतापूर्वक हुई है। हालांकि अभी भी वह मॉस्को के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं।
कड़ी सुरक्षा में हैं मोजतबा – रिपोर्ट के मुताबिक, मोजतबा को गंभीर चोटें लगने के बाद पैर और टांग की सर्जरी के लिए खुद पुतिन ने उनसे मॉस्को आने के लिए कहा था। मॉस्को में भी उनको पुतिन के घर के पास ही एक निजी अस्पताल में रखा गया है। अल-जरीदा ने नए ईरानी सर्वोच्च नेता के करीबी एक उच्च-रैंकिंग सूत्र के हवासे से यह जानकारी दी है।
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के स्वास्थ्य को लेकर लगाई जा रही अटकलों को खारिज किया है।अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ के मोजतबा के घायल होने के दावे पर उन्होंने कहा कि ईरानी के नए सुप्रीम नेता के स्वास्थ्य में किसी तरह की कोई समस्या नहीं है।
मोजतबा खामेनेई कौन हैं – अली खामेनेई की बीते महीने मौत होने के बाद ईरान ने मोजतबा खामेनेई को अपना सुप्रीम लीडर चुना है। मोजतबा को अमेरिका और इजरायल के हमले में मारे गए अली खामेनेई के बेटे हैं। 56 साल के मोजतबा खामेनेई अब ईरान के सत्ता के सबसे प्रमुख शख्स हैं। हालांकि उनके स्वास्थ्य पर कई तरह की अटकलें चल रही हैं।
मोजतबा खामेनेई एक धर्मगुरु और ईरान की 1979 की इस्लामिक क्रांति के बाद तीसरे सुप्रीम लीडर हैं। साल 1979 में रुहोल्लाह खुमैनी सुप्रीम लीडर बने थे। 1989 में रुहोल्लाह खुमैनी के निधन के बाद अली खामेनेई सर्वोच्च नेता बने। अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद मोजतबा को यह पद मिला है।