Wednesday , March 18 2026 11:14 PM
Home / Lifestyle / घबराएं नहीं: मिसकैरेज के बाद अगली प्रेग्नेंसी पूरी तरह रह सकती है सुरक्षित, जानें कब करें प्‍लान

घबराएं नहीं: मिसकैरेज के बाद अगली प्रेग्नेंसी पूरी तरह रह सकती है सुरक्षित, जानें कब करें प्‍लान


कभी-कभी प्रेग्नेंसी आगे नहीं बढ़ पाती और मिसकैरेज हो जाता है। आमतौर पर अधिकांश गर्भपात पहली तिमाही में होते हैं। इसका सबसे सामान्य कारण भ्रूण में क्रोमोसोमल असामान्यताएं होती हैं। इसके अलावा, हार्मोनल असंतुलन, थायरॉयड की समस्या, अनियंत्रित डायबिटीज, गर्भाशय की संरचनात्मक समस्‍याएं और कुछ संक्रमण भी इसके लिए जिम्मेदार हो सकते हैं।
मिसकैरेज का दर्द किसी भी कपल के लिए आसान नहीं होता। इसके साथ अक्सर यह चिंता बनी रहती है कि एक बार गर्भपात होने के बाद कहीं दोबारा तो ऐसा नहीं हो जाएगा। हालांकि, एक डॉक्टर के तौर पर मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहूंगी कि एक बार मिसकैरेज होने का मतलब यह नहीं है कि वही समस्या फिर से होगी। अधिकांश मामलों में अगली गर्भावस्था पूरी तरह सुरक्षित रहती है, इसलिए कपल्स को घबराने की जरूरत नहीं है।
मिसकैरेज होता क्या है? – मिसकैरेज उस स्थिति को कहा जाता है जब प्रेग्‍नेंसी 20 सप्ताह से पहले खुद ही समाप्त हो जाती है। अधिकतर मामलों में यह पहली तिमाही (गर्भावस्था के शुरुआती तीन महीने) में होता है।
मिसकैरेज के कारण क्या हैं? – गर्भपात (मिसकैरेज) के कई कारण हो सकते हैं। सबसे आम कारण भ्रूण में क्रोमोसोमल असामान्यताएं होती हैं। इसके अलावा, हार्मोनल असंतुलन, थायरॉयड की समस्या, अनियंत्रित डायबिटीज, गर्भाशय की संरचनात्मक समस्या, संक्रमण, अत्यधिक तनाव, धूम्रपान या शराब का सेवन भी इसका जोखिम बढ़ा सकते हैं। कई बार ऐसी कंडीशन्‍स भी सामने आती हैं, जहां सटीक कारण का पता नहीं चल पाता।
क्‍या अगली प्रेग्‍नेंसी में जोखिम बढ़ जाता है? – एक बार मिसकैरेज होना सामान्य बात है और इसका यह मतलब ब‍िल्‍कुल भी नहीं कि अगली गर्भावस्था में भी वही समस्या होगी। अधिकांश महिलाओं की अगली प्रेग्‍नेंसी सामान्य और हेल्‍दी रहती है। हालांकि, अगर बार-बार मिसकैरेज (दो या उससे अधिक बार) हो रहा हो, तो विस्तृत जांच की जरूरत पड़ सकती है।
दोबारा गर्भधारण कब प्‍लान करना चाहिए? – अधिकांश एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर महिला शारीरिक और मानसिक रूप से तैयार हो और कोई कॉम्प्लिकेशन न हो, तो 1 से 3 महीने के भीतर दोबारा गर्भधारण की योजना बनाई जा सकती है। हालांकि, हर महिला की स्थिति अलग होती है, इसलिए पहले डॉक्टर की सलाह लेना बेहद जरूरी है।
कौन-कौन सी जांच करानी चाहिए? – मिसकैरेज के बाद डॉक्टर गर्भधारण से पहले कुछ जरूरी जांचों की सलाह दे सकते हैं। इनमें थायरॉयड, शुगर और हार्मोन स्तर की जांच शामिल है। इसके अलावा, अल्ट्रासाउंड के जरिए गर्भाशय की स्थिति भी देखी जाती है। साथ ही, संक्रमण या अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की जांच भी की जा सकती है।
कुछ मामलों में जेनेटिक टेस्ट की भी आवश्यकता हो सकती है। ये सभी जांचें संभावित कारणों का पता लगाने और आगे की सुरक्षित योजना बनाने में मदद करती हैं।
जोखिम को कम कैसे कर सकते हैं? – मिसकैरेज के जोखिम को कम करने के लिए कुछ सावधानियां बरतना जरूरी है। इसके लिए प्रेग्नेंसी के दौरान नियमित चेकअप कराएं, संतुलित और पौष्टिक आहार लें, पर्याप्त आराम करें और डॉक्टर की सलाह का पालन करें। इसके साथ ही, किसी भी असामान्य लक्षण जैसे रक्तस्राव, तेज पेट दर्द या चक्कर आने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। ये कुछ ऐसे उपाय हैं, जिनसे जोखिम को कम करने में मदद म‍िल सकती है।
डाइट का रखें ध्‍यान – हेल्दी प्रेग्नेंसी के लिए संतुलित आहार और सही लाइफस्टाइल बेहद जरूरी हैं। महिलाओं को डॉक्टर की सलाह से फोलिक एसिड सप्लीमेंट लेना चाहिए, साथ ही आयरन और अन्य जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर भोजन करना चाहिए। इसके अलावा, नियमित हल्का व्यायाम, पर्याप्त नींद और तनाव को नियंत्रित रखना भी महत्वपूर्ण है। धूम्रपान, शराब और अत्यधिक कैफीन से दूरी बनाकर रखना चाहिए। अगर कोई दवा चल रही हो, तो उसे जारी रखने से पहले गाइनेकोलॉज‍िस्‍ट से सलाह लेना जरूरी है।
धैर्य रखना भी है बेहद जरूरी – मिसकैरेज के बाद दोबारा गर्भधारण पूरी तरह संभव है और सही देखभाल के साथ अधिकांश महिलाओं की अगली गर्भावस्था स्वस्थ रहती है। लेक‍िन सबसे जरूरी है कि दंपति धैर्य रखें। डॉक्टर की सलाह को फॉलो करें। साथ ही, अपने शारीरिक तथा मानसिक स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रखें।