Tuesday , May 5 2026 5:15 PM
Home / Sports / रिकेल्टन ने की पोलार्ड की बराबरी, रोहित का भी बड़ा कारनामा, MI ने LSG के खिलाफ लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी

रिकेल्टन ने की पोलार्ड की बराबरी, रोहित का भी बड़ा कारनामा, MI ने LSG के खिलाफ लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी


मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजों ने आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ विस्फोटक खेल दिखाया। लखनऊ ने पहले बैटिंग करते हुए 228 रन बनाए थे। मुंबई के लिए रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन की ओपनिंग जोड़ी ने ही 65 गेंदों पर 143 रन जोड़कर जीत पक्की कर दी। अंत में मुंबई ने 8 गेंद रहते मैच जीत लिया। इस मैच में मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजों ने बड़े-बड़े रिकॉर्ड्स बनाए, हम आपको इनमें से 5 के बारे में बताते हैं।
मुंबई इंडियंस का सबसे बड़ा रन चेज – मुंबई इंडियंस ने 229 रनों के लक्ष्य को 19वें ओवर में ही हासिल कर लिया। यह आईपीएल में मुंबई इंडियंस का सबसे बड़ा रन चेज है। इसी सीजन टीम ने केकेआर के खिलाफ 221 रनों का टारगेट चेज करके मैच जीता था।
LSG के खिलाफ MI की तरफ से सबसे बड़ी पारी – रोहित शर्मा के बल्ले से 44 गेंदों पर 84 रनों की पारी खेली। यह आईपीएल में मुंबई इंडियंस के किसी बल्लेबाजी की लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ सबसे बड़ी पारी है। मुंबई का लखनऊ के खिलाफ रिकॉर्ड काफी खराब है और इस मैच से पहले खेले 8 मैचों में टीम को सिर्फ दो जीत मिली थी।
रेयान रिकेल्टन ने कीरोन पोलार्ड की बराबरी की – रेयान रिकेल्टन ने अपनी पारी में 8 छक्के मारे। यह आईपीएल में तीसरा मौका है जब उन्होंने पारी में 8 या उससे ज्यादा छक्के मारे हैं। मु्ंबई इंडियंस के लिए पोलार्ड ने भी 3 बार पारी में 8 या उससे ज्यादा छक्के मारे थे। रेयान रिकेल्टन ने उनके रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
मुंबई इंडियंस के लिए सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारी – रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन के बीच लखनऊ के खिलाफ 143 रनों की साझेदारी हुई। यह तीसरा मौका है, जब दोनों ने शतकीय साझेदारी की है। दोनों मुंबई के लिए सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारी करने वाली जोड़ी बन गई है।
एक पारी में रोहित के सबसे ज्यादा छक्के – रोहित शर्मा ने अपनी 84 रनों की पारी में 7 छक्के मारे। आईपीएल की एक पारी में रोहित के बल्ले से निकले यह सबसे ज्यादा छक्के हैं। इससे पहले चार मौकों पर वह पारी में 6 छक्के लगा चुके थे। वह आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के मारने वाले भारतीय बल्लेबाज भी हैं।