Sunday , April 12 2026 12:52 AM
Home / Sports / ऑरेंज कैप, प्लेयर ऑफ द मैच, फिर मिला विराट कोहली से खास तोहफा, 4 शब्द में किंग ने वैभव सूर्यवंशी को ये कहा

ऑरेंज कैप, प्लेयर ऑफ द मैच, फिर मिला विराट कोहली से खास तोहफा, 4 शब्द में किंग ने वैभव सूर्यवंशी को ये कहा


गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेले गए मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने अपनी बल्लेबाजी से इतिहास रच दिया। 202 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए वैभव ने जिस निडरता और आक्रामकता का परिचय दिया उसने न केवल उनकी टीम को जीत की दहलीज पर खड़ा किया बल्कि उन्हें कई रिकॉर्ड्स का मालिक भी बना दिया। उनकी 26 गेंदों में 78 रनों की ताबड़तोड़ पारी ने साबित कर दिया कि वह आईपीएल के अगले सुपरस्टार हैं।
वैभव सूर्यवंशी को मिले कई खिताब – इस धमाकेदार पारी के दम पर वैभव को न केवल प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, बल्कि उन्होंने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज के रूप में ऑरेंज कैप पर भी कब्जा कर लिया। वैभव अब आईपीएल इतिहास के महज दूसरे ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने दो बार 15 या उससे कम गेंदों में अर्धशतक लगाया हो। वैभव ने इसी सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ भी 15 गेंदों में पचास ठोका था।
विराट कोहली से मिला वैभव को तोहफा – मैच के बाद वैभव के लिए एक और खास लम्हा आया जब दिग्गज भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली ने उन्हें एक अनमोल तोहफा दिया। विराट कोहली ने वैभव सूर्यवंशी की कैप पर ऑटोग्राफ देते हुए न केवल हस्ताक्षर किए बल्कि उस पर खास संदेश भी लिखा- ‘वेल डन वैभव’। यह क्षण युवा खिलाड़ी के लिए किसी सपने से कम नहीं था। मैदान पर प्रतिद्वंद्वी होने के बावजूद खेल भावना और युवा प्रतिभा का सम्मान करते हुए विराट का यह कदम काफी चर्चा में है।
ये रिकॉर्ड भी वैभव के नाम हुआ – वैभव की इस शानदार पारी ने उन्हें राजस्थान रॉयल्स के इतिहास में भी खास स्थान दिलाया है। वह अब जोस बटलर के साथ पावरप्ले के भीतर सर्वाधिक बार (तीन बार) अर्धशतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। ध्रुव जुरेल के साथ उनकी 108 रनों की साझेदारी ने मैच का पासा पलट दिया। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी के आगे भुवनेश्वर कुमार जैसे अनुभवी गेंदबाज भी बेबस नजर आए जिनकी गेंद पर वैभव ने छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया।