Thursday , April 23 2026 10:27 PM
Home / Lifestyle / प्रेग्नेंसी से पहले सिर्फ महिलाएं नहीं, पुरुष भी करें खुद को तैयार, ये 8 तरीके आएंगे काम

प्रेग्नेंसी से पहले सिर्फ महिलाएं नहीं, पुरुष भी करें खुद को तैयार, ये 8 तरीके आएंगे काम


आमतौर पर प्रेग्नेंसी की तैयारी को सिर्फ महिलाओं से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन हकीकत यह है कि इसमें पुरुषों की भूमिका भी उतनी ही अहम होती है। इसके लिए वे कुछ आसान उपाय अपना सकते हैं, जैसे- पर्याप्त नींद लेना, तनाव कम करना और हेल्दी डाइट अपनान सह‍ित अन्‍य आदतें, जो उनकी फर्टिलिटी और शुक्राणुओं की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में मदद करती हैं।
मुझसे अक्सर कई कपल्स यह पूछते हैं कि प्रेग्नेंसी प्लान करने से पहले महिला को खुद को कैसे तैयार करना चाहिए, जबकि बहुत कम पुरुष अपनी तैयारी को लेकर सवाल करते हैं। हालांकि, यह समझना जरूरी है कि गर्भधारण की तैयारी सिर्फ महिलाओं की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें पुरुषों की भी बराबर भागीदारी होती है। क्योंकि गर्भधारण एक साझा जिम्मेदारी है, और पिता की शारीरिक व मानसिक सेहत न केवल फर्टिलिटी को प्रभावित करती है, बल्कि होने वाले बच्चे के स्वास्थ्य पर भी गहरा असर डालती है।
तैयारी कैसे करती है मदद – सबसे पहले पुरुषों को यह समझना जरूरी है कि शुक्राणुओं का स्वास्थ्य फर्टिलाइजेशन, भ्रूण की गुणवत्ता और यहां तक क‍ि बच्चे के लंबे समय के स्वास्थ्य तक को प्रभावित करता है। ऐसे में अगर लाइफस्टाइल सही नहीं है, ज्यादा तनाव है या कोई स्वास्थ्य समस्या है, तो इससे शुक्राणुओं की संख्या, उनकी गति और गुणवत्ता पर असर पड़ सकता है।
इसलिए प्रेग्नेंसी से पहले तैयारी करने से मदद म‍िलती है, और गर्भधारण को आसान बनाया जा सकता है। इसके लिए नीचे कुछ उपाय बताए जा रहे हैं, जिन्हें अपनाकर पुरुष अपनी प्रजनन क्षमता को बेहतर बना सकते हैं।
1. मेंटली खुद को करें तैयार – पिता बनना जीवन में एक बड़ा बदलाव लाने वाला अनुभव होता है। इसीलिए सबसे पहले पुरुषों का मानसिक रूप से तैयार होना बेहद जरूरी है। जब पुरुष इमोशनली रूप से तैयार होते हैं, तो वे अपनी साथी को बेहतर सहयोग दे पाते हैं और प्रेग्‍नेंसी के दौरान पॉज‍िट‍िव माहौल बनाने में मदद करते हैं। साथ ही, इससे मानसिक तैयारी से चिंता कम होती है और इस दौरान रिश्तों में सामंजस्य भी बढ़ता है।
इसलिए सबसे ज्यादा जरूरी है कि पहले खुद को इस नई जिम्मेदारी के लिए तैयार करें, अपने विचारों को स्पष्ट रखें और आने वाले बदलावों को सकारात्मक रूप से स्वीकार करें।
2- तनाव से दूर रहें: – लंबे समय तक रहने वाला तनाव शरीर के हार्मोन, खासकर टेस्टोस्टेरोन, को प्रभावित करता है, जिससे शुक्राणुओं पर नकारात्मक असर पड़ता है और उनके उत्पादन में कमी आ सकती है। इसलिए तनाव कम करना जरूरी है। इसके लिए ध्यान, योग या रोजाना हल्की-फुल्की एक्सरसाइज फायदेमंद होती है।
3-डाइट का रखें ध्‍यान: – पुरुषों को अपनी डाइट पर भी खास ध्यान देना चाहिए। उन्हें एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन (खासकर C, D और E), जिंक और फोलिक एसिड से भरपूर चीजों को अपनी डाइट में शामिल करना चाहिए, क्योंकि ये शुक्राणुओं के स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होते हैं। इसके अलावा, रोजाना खाने में ताजे फल, हरी सब्जियां, मेवे, बीज और साबुत अनाज शामिल करें। साथ ही, प्रोसेस्ड और जंक फूड से दूरी बनाना भी उतना ही जरूरी है।
4- वजन कम करें: – मोटापा या बहुत कम वजन हार्मोनल बैलेंस को बिगाड़ सकता है और प्रजनन क्षमता पर असर डाल सकता है। इसलिए जरूरी है कि सही वजन मेंटेन करें। इससे हार्मोन संतुलित रहते हैं और प्रजनन क्षमता बेहतर हो सकती है।
5- एक्‍सरसाइज पर करें गौर:- बैलेंस रेग्‍यूलर फ‍िज‍िकल एक्‍ट‍िव‍िटी से टेस्टोस्टेरोन का स्तर बढ़ता है और ओवरऑल स्वास्थ्य में सुधार होता है। हालांकि, अत्यधिक या बहुत हाई इंटेस्‍ट‍िअी वाले व्यायाम से बचना चाहिए क्योंकि इनका विपरीत प्रभाव हो सकता है।
6-स्‍मोक‍िंग तुरंत छोड़ दे: – स्‍मोक‍िंग से शुक्राणुओं के डीएनए को नुकसान पहुंचता है और उनकी संख्या कम में भी ग‍िरावट हो सकती है। वहीं, ज्यादा शराब पीने से हार्मोन प्रभावित होते हैं। इसलिए प्रेग्नेंसी की योजना बनाने से पहले ही इन आदतों को छोड़ देना चाहिए, इससे प्रजनन क्षमता बेहतर हो सकती है।
7-गुड स्‍लीप ध्‍यान दें: – अक्सर लोग नींद को नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन यह हार्मोन संतुलन के लिए बहुत जरूरी है। नींद पूरी न होने से टेस्टोस्टेरोन का स्तर कम हो सकता है और शुक्राणुओं की गुणवत्ता पर असर पड़ता है। इसलिए रोजाना 7 से 8 घंटे की अच्छी नींद जरूर लें।
8- जरूरी चेकअप करवाएं: – प्रेग्नेंसी प्लान करने से पहले पुरुषों को कुछ जरूरी टेस्ट कराने में संकोच नहीं करना चाहिए। दरअसल, डायब‍िटीज, थायरॉइड ड‍िसऑर्डर या इंफेक्‍शन जैसी स्थितियां प्रजनन क्षमता को अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित कर सकती हैं। हालांक‍ि, समय पर जांच और सही इलाज से इसमें काफी सुधार लाया जा सकता है।
पुरुष इस बात पर करें गौर:- ऐसे कपल्स जो मिलकर प्रेग्नेंसी की तैयारी करते हैं, वे न सिर्फ गर्भधारण की संभावना बढ़ाते हैं, बल्कि आपसी भावनात्मक जुड़ाव भी मजबूत करते हैं। जब पुरुष भी अपनी सेहत की जिम्मेदारी लेते हैं, तो महिलाओं पर दबाव कम होता है और एक सहयोगी माहौल बनता है, जो गर्भावस्था के दौरान बेहद जरूरी होता है।