
क्या आप भी सिर्फ कमरे का साइज देखकर तय कर लेते हैं कि उसमें कितने Ton का AC लगेगा? ऐसे में संभव है कि आप कम या ज्यादा क्षमता का AC लगाकर अपना बिजली बिल बढ़ा लें। दरअसल कमरे की दिशा के अनुसार उसका हीट लोड बढ़ता है, जिसे घटाने के लिए AC को ज्यादा मेहनत करनी पड़ सकती है। इससे आपका बिजली बिल काफी बढ़ सकता है। ऐसे में दिशा के अनुसार तय करें कि कितने Ton का AC घर में लगवाना चाहिए।
बढ़ती गर्मी को देखते हुए अगर आप भी AC खरीद रहे हैं, तो सिर्फ कमरे के साइज को देखते हुए तय ना करें कि आपको कितने Ton वाले AC की जरूरत है। दरअसल ज्यादातर लोग AC खरीदते समय इस बात पर ध्यान नहीं देते कि जिस कमरे में AC लगने वाला है, उसकी दिशा क्या है? कमरे की दिशा तय करती है कि दिनभर में धूप कितनी देर के लिए दीवारों को गर्म करेगी। ऐसे में अगर सिर्फ साइज को देखते हुए कम या ज्यादा Ton का AC खरीद लिया जाए, तो कूलिंग बराबर नहीं मिलती और बिजली का बिल भी बढ़ सकता है।
आम तौर पर, जिन कमरों की खिड़कियां या दीवारें दक्षिण या पश्चिम दिशा की ओर होती हैं, उन्हें दोपहर में चिलचिलाती धूप का सबसे ज्यादा सामना करना पड़ता है। इस तरह के कमरों की दीवारें बहुत तेजी से तपती हैं और उन्हें ठंडा करने के लिए AC को काफी ज्यादा मेहनत करने पड़ती है। वहीं उत्तर या पूर्व दिशा के कमरों पर धूप का असर तुलना में कम होता है। ऐसे में जरूरी है कि आप AC का Ton तय करते समय हीट लोड का भी ध्यान रखें।
क्या होता है हीट लोड? – अक्सर कहा जाता है कि AC कितने Ton का लिया जाए, यह हीट लोड को ध्यान में रखकर तय किया जाना चाहिए। हीट लोड का मतलब कमरे में जमा होने वाली कुल गर्मी के दबाव से है। इसे आप गर्मी का बोझ समझ सकते हैं, जिसे आपके AC को कमरे से बाहर निकालना पड़ता है। इसे तय करने में सूरज की सीधी धूप, कमरे की दिशा और कमरा किस फ्लोर पर है जैसे कारण शामिल होते हैं।
ऐसे में AC कितने Ton का लेना है यह तय करते हुए आपको कमरे की दिशा, फ्लोर आदि का ध्यान भी जरूर रखना चाहिए। अगर दिन भर धूप में तपने वाले कमरे में कम Ton का AC लगा दिया जाए, तो कमरे के तापमान को मेंटेन करने में AC के कंप्रेसर को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है और नतीजतन बिल ज्यादा आता है।
दक्षिण-पश्चिम दिशा के कमरे के लिए कितने Ton का AC सही? – दक्षिण-पश्चिम यानी कि साउथ-वेस्ट की दिशा में पड़ने वाले कमरे घर के सबसे गर्म हिस्से माने जाते हैं। इसकी बड़ी वजह दोपहर और शाम के वक्त इन कमरों की दीवारों और खिड़कियों पर पड़ने वाली सीधी धूप होती है। दीवारें दिनभर धूप में तपकर काफी गर्मी सोंख लेती हैं। ऐसे कमरे भले छोटे क्यों न हों, इनमें ज्यादा ताकत के AC की जरूरत होती है।
इन कमरों में अगर कम Ton यानी कि कम क्षमता वाला AC लगा दिया जाए, तो कमरे को ठंडा होने में काफी समय लगता है और AC का कंप्रेसर ज्यादा चलता है और बिजली का बिल बढ़ता है।
अगर दक्षिण-पश्चिम दिशा में पड़ने वाला कमरा 100-120 वर्ग फुट का है, तो 1.5 Ton का AC लगवाना चाहिए। आमतौर पर इस साइज के कमरे में 1 टन का AC लगता है। वहीं अगर कमरे का साइज 120 से 160 वर्ग फुट है, तो 1.5 Ton के AC से काम चल जाना चाहिए लेकिन अगर कमरा टॉप फ्लोर का है, तो 2 टन का AC भी लगवा सकते हैं।
उत्तर-पूर्व दिशा के कमरों में लगाएं कितने Ton वाला AC? – घर के वे कमरे जो उत्तर-पूर्व दिशा में पड़ते हैं, वहां अक्सर सुबह के समय धूप आती है लेकिन बाकी समय यह हिस्सा छाया में रहता है। ऐसे में इस दिशा के कमरों का हीट लोड दक्षिण-पश्चिम दिशा में पड़ने वाले कमरों से कम होता है। ऐसे में आपको इन कमरों के लिए बहुत ज्यादा क्षमता का AC नहीं लगवाना चाहिए। इन कमरों के लिए आप कमरे के साइज के अनुसार स्टैंडर्ड Ton वाला AC भी ले सकते हैं।
जैसे कि 100 से 120 वर्ग फुट के कमरे के लिए 1 टन का AC एक किफायती और बेहतर विकल्प रहता है। इसी तरह इस दिशा में पड़ने वाले 120 से 160 वर्ग फुट के कमरे के लिए 1.5 टन का AC काफी रहता है।
फ्लोर के हिसाब ऐसे तय करें AC की क्षमता -आपका घर ग्राउंड फ्लोर पर है या टॉप फ्लोर पर, इससे भी तय होता है कि आपको कितनी क्षमता का AC लगाना चाहिए। अगर आप ग्राउंड फ्लोर पर रहते हैं और ऊपर कई माले हैं, तो आप स्टैंडर्ड Ton वाला AC लगवा सकते हैं। जैसे कि 100-120 वर्ग फुट वाले कमरे के लिए 1 Ton और 120-160 वर्ग फुट वाले कमरे के लिए 1.5 Ton वाला एसी।
वहीं टॉप फ्लोर वालों के लिए यह गणित बदल जाता है। अगर आप टॉप फ्लोर पर रहते हैं, तो .5 Ton क्षमता बढ़ाकर AC खरीदना चाहिए। मसलन 100-120 वर्ग फुट वाले कमरे के लिए 1 Ton की जगह 1.5 Ton वाला AC और 120-160 वर्ग फुट वाले कमरे के लिए 1.5 Ton वाले AC की जगह 2 Ton वाला AC। इससे ज्यादा बड़े कमरों या जगह के लिए आपको 2.5 Ton का AC खरीदना चाहिए।
Home / Business & Tech / AC कितने Ton का हो कमरे की दिशा देखकर करें तय, कम बिजली में मिलेगी जबरदस्त कूलिंग, जानें कैसे?
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website