Wednesday , May 27 2026 10:35 AM
Home / Entertainment / हॉरर फिल्‍म Obsession में ऐसा क्‍या है कि 10 दिनों में कमाया 10666% मुनाफा, हॉलीवुड में टूटे रिकॉर्ड

हॉरर फिल्‍म Obsession में ऐसा क्‍या है कि 10 दिनों में कमाया 10666% मुनाफा, हॉलीवुड में टूटे रिकॉर्ड


बॉलीवुड में जहां ‘धुरंधर 2’ ने बॉक्‍स ऑफिस पर धूम मचाई, वहीं इस साल हॉलीवुड को भी ‘माइकल’, ‘प्रोजेक्‍ट हेल मेरी’ और ‘द सुपर मारियो गैलेक्‍सी’ जैसी फिल्‍मों ने छप्परफाड़ कमाई की सौगात दी। लेकिन शायद ही किसी ने सोचा था कि महज ₹7 करोड़ के बजट में बनी एक ऐसी हॉरर फिल्‍म भी आएगी, जो कमाई और मुनाफा कमाने के मामले में इतिहास रच देगी, वो भी सिर्फ 10 दिनों में। हॉलीवुड के गलियारे में इन दिनों एक साइकोलॉजिकल हॉरर फिल्‍म Obsession की धूम मची हुई है। आपको जानकर और भी हैरानी होगी कि इसके राइटर, डायरेक्‍टर और एडिटर YouTuber से फिल्ममेकर बने करी बार्कर हैं। 15 मई 2026 को यह फिल्‍म सिनेमाघरों में रिलीज हुई और 10 दिनों में ही इसने वर्ल्‍डवाइड $80 मिलियन यानी ₹750 करोड़ से अध‍िक की कमाई कर ली है।
करी बार्कर की यह इंडिपेंडेंट हॉरर फ‍िल्म ‘ऑब्सेशन’ का प्रीमियर पिछले साल 05 सितंबर 2025 को टोरंटो इंटरनेशनल फिल्‍म फेस्‍ट‍िवल में हुआ था। अब जब यह थ‍िएटर्स में रिलीज हुई है, तो शायद साल की सबसे बड़ी ब्‍लॉकबस्‍टर बनने की राह पर है। यह फिल्‍म आज के जमाने की डेटिंग से जुड़ी चिंताओं, सीमाओं और किसी दूसरे इंसान पर अपनी इच्छाओं को थोपने के खतरों की पड़ताल करती है। दिलचस्‍प है कि इस फिल्‍म का बजट सिर्फ $750K यानी करीब ₹7 करोड़ है। 10 दिनों में यह फिल्‍म 10666% से मुनाफा कमा चुकी है। IMDb पर इसे 8.2 रेट‍िंग दी गई है।
‘पैरानॉर्मल एक्टिविटी’ को भी मात देने की तैयारी – इससे पहले कि हम आपको ‘ऑब्सेशन’ की कहानी बताएं, पहले जान लेते हैं कि इसने बॉक्‍स ऑफिस पर क्‍या जादू किया है। यह वाकई कोई जादू ही है कि पहले वीकेंड के मुकाबले इस फिल्‍म ने दूसरे वीकेंड में सिर्फ उत्तरी अमेरिका में करीब साढ़े तीन गुना अध‍िक कमाई की है। ‘ऑब्सेशन’ धीरे-धीरे $100 मिलियन के आंकड़े की ओर बढ़ रही है। यह अब कल्‍ट हॉरर फिल्‍मों, ‘पैरानॉर्मल एक्टिविटी’ और ‘द ब्लेयर विच प्रोजेक्ट’ की लिस्‍ट में शामिल होने वाली है, जो $1 मिलियन से भी कम बजट में बनीं और बॉक्‍स ऑफिस पर $100 मिलियन से ज्यादा की कमाई की।
बजट से 106 गुना कमा चुकी है ‘ऑब्‍सेशन’, जबकि ‘धुरंधर 2’ ने 8 गुना कमाए – ‘ऑब्सेशन’ की लागत $1 मिलियन से भी कम है। जबकि 10 दिनों में ही इसने बजट से 106 गुना अध‍िक की कमाई कर ली है। इसे ऐसे समझ‍िए कि माइकल जैक्‍सन की ब्‍लॉकबस्‍टर बायोपिक ‘माइकल’ ने अब तक $788 मिलियन कमाए हैं, जो उसके बजट का 5 गुना है। इसी तरह ‘प्रोजेक्ट हेल मैरी’ ने $675 मिलियन कमाए हैं, जो उसके बजट का लगभग 3 गुना है। बॉलीवुड में रणवीर सिंह की एक्‍शन-थ्र‍िलर ‘धुरंधर 2’ ने वर्ल्‍डवाइ ₹1800 करोड़ कमाए हैं, जो उसके ₹225 करोड़ के बजट से 8 गुना है।
क्‍या है ‘ऑब्सेशन’ की कहानी – ‘ऑब्सेशन’ की कहानी में माइकल जॉनस्टन ने ‘बेयर’ का किरदार निभाया है। वह एक म्यूजिक स्टोर में काम करता है। शर्मीला बेयर, अपनी पुरानी दोस्त और साथ काम करने वाली निक्‍की को दिल ही दिल में चाहता है। अपनी भावनाओं को जाहिर करने में हिचकिचाता है। एक दिन बेयर ‘One Wish Willow’ नाम का एक पुराना और अनोखा खिलौना खरीदता है। यह ख‍िलौना, इच्छा पूरी करता है। बेयर विश मांगता है कि निक्‍की उसे दुनिया में किसी भी चीज से ज्यादा प्यार करे। नतीजा, बेयर की मुराद पूरी होती है। निक्की (इंडे नवरेट) उसे दिल-ओ-जान से प्यार करने लगती है। लेकिन इसके बाद बेहद डरावने नतीजे सामने आते हैं।
न‍िक्‍की के प्‍यार और जुनून का खौफनाक रूप – दरअसल, निक्‍की पूरी तरह से बदल जाती है। वह एक खतरनाक, हद से ज्यादा चिपकी रहने वाली, अस्थिर और जुनूनी इंसान बन जाती है। जैसे-जैसे जादू के कारण बेयर को लेकर निक्‍की का जुनून बढ़ता है, प्‍यार की कहानी डरावना रूप लेने लगती है। कहानी में बेयर और निक्‍की के कुछ और दोस्‍त, इयान (कूपर टॉमलिंसन) और सारा (मेगन लॉलेस) भी हैं।
क्‍लाइमेक्‍स में रोंगटे खड़े कर देने वाला खुलासा – बेयर के लिए हालात बेकाबू होने लगते हैं, क्‍योंकि निक्‍की अब वह लड़की नहीं रही जिसे वह पहले से जानता था। वह एक ऐसी साइको, खोखली इंसान बन चुकी है। फ‍िल्म के क्‍लाइमेक्‍स में रोंगटे खड़े कर देने वाला खुलासा है।