Saturday , May 30 2026 2:43 AM
Home / News / होर्मुज जलडमरूमध्य खुला या बंद? जानें ताजा हाल, 24 घंटे में कितने जहाजों ने किया पार

होर्मुज जलडमरूमध्य खुला या बंद? जानें ताजा हाल, 24 घंटे में कितने जहाजों ने किया पार


अमेरिका और ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर आमने-सामने हैं। ईरान होर्मुज पर अपनी पकड़ छोड़ने को तैयार नहीं हैं। वहीं, अमेरिका की शर्त है कि शांति समझौते के लिए ईरान को होर्मुज को फरवरी के पहले जैसे हालात में लौटाना होगा। इस बीच अमेरिकी वित्त विभाग ने ईरान के ‘पर्शियन गल्फ स्ट्रेट अथॉरिटी’ को स्पेशली डिजिग्नेटेड नेशनल्स (एसडीएन) सूची में शामिल कर लिया है। यह प्राधिकरण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में समुद्री यातायात की निगरानी के लिए बनाया गया है। ऐसे में जानें कि होर्मुज जलडमरूमध्य के ताजा हालात क्या हैं और पिछले 2 घंटे में कितने जहाजों ने इसे पार किया है।
24 घंटों में कितने जहाजों ने होर्मुज स्ट्रेट को किया पार – होर्मुज स्ट्रेट मॉनिटर के अनुसार, होर्मुज जलडमरूमध्य पिछले 89 दिनों से बंद है। पिछले 24 घंटे में चार जहाजों ने होर्मुज जलडमरूमध्य को पार किया है। इन जहाजों ने होर्मुज को पार करते वक्त अपने ट्रांसपोंडर्स को ऑफ किया हुआ था। ऐसे में इनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। 28 फरवरी को ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों के पहले होर्मुज से रोजाना लगभग 60 जहाज पार होते थे।
होर्मुज स्ट्रेट में कितने जहाज फंसे – वर्तमान में 250 से ज्यादा जहाज अब भी होर्मुज को पार करने के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। इनमें से 150 तेल टैंकर, 50 बल्क कैरियर और 50 दूसरे जहाज हैं। हमले के खतरे के कारण इस क्षेत्र से पार होने वाले जहाजों के इंश्योरेंस का प्रीमियम आठ गुना से ज्यादा बढ़ चुका है। बता दें कि होर्मुज जलडमरूमध्य 89 दिनों से बंद है।
अमेरिका ने ईरान पर लगाए प्रतिबंध – इस बीच अमेरिकी वित्त विभाग ने बताया है कि उसने ईरान के ‘पर्शियन गल्फ स्ट्रेट अथॉरिटी’ पर प्रतिबंध लगाए हैं। अमेरिकी ट्रेजरी विभाग के ऑफिस ऑफ फॉरेन एसेट्स कंट्रोल (ओएफएसी) ने बुधवार को वेबसाइट पर जारी बयान में आरोप लगाया कि यह प्राधिकरण व्यावसायिक जहाजों से “अवैध शुल्क” वसूलने और सुरक्षित मार्ग देने के बदले उन्हें ईरानी निर्देशों का पालन करने के लिए मजबूर कर रहा था। अमेरिका ने चेतावनी दी है कि इस संस्था के साथ सहयोग करने वाले किसी भी व्यक्ति या कंपनी पर भी प्रतिबंध लग सकता है।