Thursday , June 4 2026 1:59 AM
Home / News / रूसी तेल खरीदने की छूट जल्द होगी खत्म: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने बढ़ाई भारत की टेंशन

रूसी तेल खरीदने की छूट जल्द होगी खत्म: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने बढ़ाई भारत की टेंशन


अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो मंगलवार को हाउस की उपसम‍ित‍ि के सामने पेश हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि अमेरिका जल्द से जल्द रूसी तेल पर दी गई छूट को खत्म कर देगा। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि यह फैसला उस समय के हालात को देखकर लिया जाएगा। अमेरिका ने ईरान युद्ध के बाद पैदा हुए वैश्विक ऊर्जा संकट को देखते हुए रूसी तेल पर लगे प्रतिबंध को कम से कम दो बार हटाया है। इससे भारत समेत दुनिया के कई देशों ने रूसी तेल की खरीद बढ़ाई है। हालांकि, रूसी तेल पर फिर से अमेरिकी प्रतिबंध लगने से भारत की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
अमेरिकी विदेश मंत्री ने क्या पूछा गया? – मार्को रुबियो से एक अमेरिकी सांसद ने पूछा, “हमने निश्चित रूप से चीन और रूस की अर्थव्यवस्था को फायदा पहुंचाया है। खैर, चीन… मेरा मतलब है कि चीन तेल रिफाइन करता है; वे बहुत ज्यादा तेल इंपोर्ट करते हैं, लेकिन वे तेल रिफाइन करते हैं और उन्हें रूसी तेल से भी फायदा होता है। लेकिन मेरा आपसे यह सवाल है: क्या आप यह पक्का कर सकते हैं कि 17 जून को जब जनरल लाइसेंस की समय-सीमा खत्म होगी, तो आप उसे दोबारा नहीं बढ़ाएंगे?”
मार्को रुबियो ने क्या जवाब दिया? – इस पर अमेरिकी विदेश मंत्री ने जवाब दिया, “यह फैसला आखिरकार ट्रेजरी ही करती है, लेकिन मैं आपको बता दूं कि यह उस समय के हालात पर निर्भर करेगा। हम इसे जितनी जल्दी हो सके, खत्म करना चाहेंगे, क्योंकि इस देश की मूल नीति यही रही है कि उनके तेल पर प्रतिबंध लगाया जाए। ये कुछ समय के लिए दी गई छूट हैं, जिनका मकसद दुनिया भर में तेल की सप्लाई को बढ़ाना है।”