Friday , June 19 2026 6:32 PM
Home / Lifestyle / रात में बाकी लोग आराम से सो रहे, मगर आप हैं गर्मी-पसीने से परेशान? शरीर के बाहर नहीं, अंदर है दिक्कत

रात में बाकी लोग आराम से सो रहे, मगर आप हैं गर्मी-पसीने से परेशान? शरीर के बाहर नहीं, अंदर है दिक्कत


रात के समय कमरे के तापमान में बढ़ोतरी की वजह से पसीना आना एक सामान्य बात है। लेकिन, यदि आपके कमरे का तापमान सामान्य या ठंडा है और उसके बाद भी आपको अधिक मात्रा में पसीना आ रहा है तो यह किसी तरह की समस्या का संकेत हो सकता है। शरीर में होने वाले हार्मोनल बदलाव, थायरॉइड और तनाव आदि कारणों से आपको सोते समय पसीना आने की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। आगे जानते हैं इस समस्या के मुख्य कारण और इससे बचाव के उपायों के बारे में।
पूरे दिनभर एनर्जेटिक और तरोताजा बने रहने के लिए पर्याप्त और भरपूर नींद लेने पर जोर दिया जाता है। लेकिन, कई बार कुछ लोगों को रात में सोते समय पसीने की वजह से बेचैनी महसूस होेने लगती है। जिसकी वजह से उनकी नींद पूरी नहीं हो पाती हैं। यदि आप भी रात के समय अधिक पसीने की समस्या से परेशान हैं तो यह किसी बड़ी समस्या का संकेत हो सकता है। एक्सपर्ट्स की मानें तो कुछ लोग सुबह नींद से जागने पर खुद को पसीने से गीला महसूस करते हैं। यदि आप भी बार-बार रात में पसीने से भीगकर उठते हैं और कपड़े या बिस्तर तक गीला महसूस करते हैं तो इसे “नाइट स्वेट्स” (Night Sweats) कहा जाता है। लगातार होने वाले नाइट स्वेट्स किसी स्वास्थ्य समस्या का संकेत हो सकते हैं। इस समस्या के पीछे थायरॉइड, हार्मोनल बदलाव, तनाव और किसी दवा की प्रतिक्रिया कारण हो सकती है। पसीना अधिक आने की वजह से नींद में खलल पड़ सकता है और आपकी मानसिक सेहत भी बुरा असर हो सकता है।
रात में पसीना आने के कारण (Designed By Magnific) – महिला हो या पुरुष हर किसी को नींद में पसीने आने की समस्या हो सकती है। क्लिवलैंड क्लीनिक के अनुसार ज्यादातर महिलाओं में मेनोपॉज और पेरिमेनोपॉज के समय एस्ट्रोजन और प्रोजेस्टेरोन हार्मोन के स्तर में तेजी से उतार-चढ़ाव होता है। इससे महिलाओं के शरीर के तापमान को नियंत्रित करने वाली प्रणाली प्रभावित हो सकती है। इस वजह से महिलाओं को रात में अचानक तेज गर्मी महसूस होने और अधिक पसीना आने के लक्षण महसूस होते हैं। नाइट स्वेट्स का यह सबसे आम कारण माना जाता है।
थायरॉइड की समस्या – जिन लोगों में थायरॉइड की समस्या होती है, उनको रात से समय अधिक पसीना आने की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। एनसीबीआई के अनुसार जब थायरॉइड ग्लैंड ओवरएक्टिव हो जाता है तो ऐसे में व्यक्ति को तेजी से वजन कम होने या पसीना आने की समस्या हो सकती है। इस वजह से रात के समय पसीना आने लगता है। कई स्टडीज से भी इस बात का पता चला है कि हाइपरथायरॉयडिज्म नाइट स्वेट्स का एक प्रमुख कारण हो सकता है।
रात में पसीना आने का कराण (Designed By Magnific) – नींद से जुड़े विकार भी रात से समय पसीना आने की वजह बन सकते हैं। मैयो क्लीनिक के अनुसार ऑब्सट्रक्टिव स्लीप एपनिया एक ऐसी स्थिति है जिसमें व्यक्ति को सोते समय बार-बार सांस रुकने की समस्या होती है। रात को पसीना आने की यह एक वजह बन सकता है। यही वजह है कि स्लीप एपनिया और नाइट स्वेट्स के बीच संबंध पाया गया है।
तनाव और स्ट्रेस – जब किसी व्यक्ति को लंबे समय से तनाव रहता है तो उसको रात को सोते समय पसीना आने की परेशानी हो सकती है। मैयो क्लीनिक के मुताबिक मानसिक तनाव, स्ट्रेस, एंग्जायटी और पैनिक डिसऑर्डर की वजह से शरीर में फाइट और फ्लाइट मोड एक्टिव हो जाता है। इससे एड्रेनालिन हार्मोन का स्तर बढ़ने लगता है, जो बॉडी के टेम्परेचर को बढ़ाकर पसीना आने की वजह बन सकता है।
इंफेक्शन की वजह से पसीना आना – एनसीबीआई के मुताबिक जब इंफेक्शन होता है तो शरीर में पसीना आना एक समान्य शारीरिक प्रतिक्रिया होती है। जब शरीर में पैथॉजन प्रवेश करते हैं तो प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया शुरू हो जाती हैं, जिससे ऐसे कैमिकल्स रिलीज होते हैं, जो हाइपोथैलेमस को प्रभावित करता है। ऐसे में शरीर का तापमान बढ़ जाता है, इस वजह से पसीना आने लगता है।
दवा के प्रभाव – मैयो क्लीनिक के मुताबिक तनाव को दूर करने वाली दवाएं, हार्मोन थेरेपी और डायबिटीज की दवाएं शरीर के तापमान को नियंत्रित करने वाली प्रणाली को प्रभावित कर सकती हैं। इस वजह से व्यक्ति को रात के समय दवा लेने के बाद अधिक पसीना आने की समस्या हो सकती है।
रात में अधिक पसीना आने से कैसे बचें? – क्लिवलैंड क्लीनिक के अनुसार आप आगे बताए उपायों को अपनाकर रात के समय पसीना आने की समस्या से बचाव कर सकते हैं।
रात के समय ढीले और सूती कपड़ों को पहनें।
कमरे का तापमान ठंडा और शांत रखें।
पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं।
तनाव और स्ट्रेस को दूर करने के लिए मेडिटेशन और ब्रिदिंग एक्सरसाइज करें।
स्लीप एपनिया या अन्य समस्या है तो ऐसे में तुरंत जांच कराएं और डॉक्टर से मिलें।
यदि किसी तरह की दवा लेने के बाद आपको रात में पसीना आता है तो इस विषय पर डॉक्टर से सलाह लें।
रात में अत्यधिक पसीना आना हमेशा सामान्य नहीं होता है। इसके पीछे हार्मोनल बदलाव, थायरॉइड, स्ट्रेस, तनाव, दवाओं के प्रतिक्रिया, इंफेक्शन और अन्य कारण हो सकते हैं। यदि इस समस्या की वजह से आपकी दिनचर्या प्रभावित हो रही है तो ऐसे में आप तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।