Friday , June 19 2026 6:21 PM
Home / Sports / FIFA वर्ल्ड कप के बीच लियोनेल मेसी पर गिरा दुखों का पहाड़, पिता अस्पताल में हुए भर्ती

FIFA वर्ल्ड कप के बीच लियोनेल मेसी पर गिरा दुखों का पहाड़, पिता अस्पताल में हुए भर्ती


फुटबॉल जगत के दिग्गज खिलाड़ी लियोनेल मेसी के परिवार ने गुरुवार को एक आधिकारिक बयान जारी कर पुष्टि की है कि स्टार फुटबॉलर के पिता, जॉर्ज मेसी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं। मेसी और अर्जेंटीना के फैंस के लिए यह दिल तोड़ देने वाली खबर है। इससे मेसी को काफी बड़ा झटका लगा है। मेसी परिवार ने बताया, जॉर्ज मेसी इस समय डॉक्टरों की देखरेख में हैं। उनकी सेहत में सुधार हो रहा है और वह अपनी मौजूदा स्थिति के अनुसार बेहतर प्रगति कर रहे हैं।
मेसी परिवार का अफवाहों पर फूटा गुस्सा – जॉर्ज मेसी की मेडिकल स्थिति को लेकर सोशल मीडिया और मीडिया के कुछ हिस्सों में चल रही तमाम अटकलों और अफवाहों पर मेसी परिवार ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। परिवार ने साफ किया है कि आधिकारिक चैनलों के अलावा किसी भी अन्य जानकारी को सच न माना जाए। परिवार ने अपने बयान में कहा, ‘पिछले कुछ घंटों में जो अफवाहें और अटकलें फैलाई गई हैं, उससे परिवार को गहरा दुख हुआ है। एक पूरी तरह से निजी और पारिवारिक मामले को जिस संवेदनशीलता, सम्मान और संकोच के बिना कुछ लोगों ने पेश किया है, हम उसके प्रति अपनी गहरी नाराजगी व्यक्त करते हैं।’
बयान में आगे कहा गया, ‘हम यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि केवल करीबी पारिवारिक सदस्यों के पास ही जॉर्ज की स्थिति के बारे में सटीक और विश्वसनीय जानकारी है। इसलिए, जो भी खबर परिवार की तरफ से नहीं आई है, उसे वैध या सच न माना जाए। इस मुश्किल समय में हम जिम्मेदारी, समझदारी और करुणा की अपील करते हैं। किसी व्यक्ति का स्वास्थ्य और उसके परिवार की मानसिक शांति मीडिया के गैर-जिम्मेदाराना हित या अटकलों का विषय नहीं होनी चाहिए।’ परिवार ने फैंस और शुभचिंतकों से मिल रहे प्यार और चिंता के लिए आभार व्यक्त किया है, साथ ही इस पूरी प्रक्रिया के दौरान गोपनीयता बनाए रखने का अनुरोध किया है।
मैच के दौरान क्यों रोए थे मेसी? अब सामने आई बड़ी वजह – विश्व कप 2026 के अपने ओपनिंग मुकाबले में अल्जीरिया के खिलाफ जब लियोनेल मेसी ने गोल किया था, तो वह पूरी तरह भावुक हो गए थे और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े थे। मंगलवार को खुद मेसी ने इस बात का खुलासा किया था कि उनके इन आंसुओं का फुटबॉल से कोई लेना-देना नहीं था। लियोनेल मेसी ने कहा था, ‘मैं क्यों रोया? वह कुछ ऐसा था जिसका फुटबॉल से कोई संबंध नहीं था। मैंने पिछले कुछ दिन बेहद मुश्किलों में गुजारे हैं, लेकिन मैं अपनी पूरी टीम और साथियों का आभारी हूँ क्योंकि वे हमेशा मेरे साथ खड़े रहे और मुझे इस स्थिति से निपटने के लिए बहुत ताकत दी।’
अल्जीरिया के खिलाफ मैच में मेसी ने रचा था इतिहास – भले ही मेसी व्यक्तिगत तौर पर कठिन समय से गुजर रहे थे, लेकिन मैदान पर उन्होंने अल्जीरिया के खिलाफ 2-1 की जीत में इतिहास रच दिया। इस मैच में गोल दागकर उन्होंने जर्मनी के दिग्गज मिरोस्लाव क्लोस के पुरुषों के विश्व कप में सर्वकालिक सर्वाधिक गोल करने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। इसके साथ ही, वह विश्व कप इतिहास में मेंस वर्ग में सबसे ज्यादा गोल योगदान देने वाले खिलाड़ी भी बन गए। उन्होंने इस मामले में ब्राजील के महान पेले को पीछे छोड़ दिया। मेसी के नाम अब विश्व कप में कुल 24 गोल योगदान दर्ज हो चुके हैं।