
‘वॉटरमेलन शुगर’ फेम ब्रिटिश सिंगर हैरी स्टाइल्स के साथ वेम्बली स्टेडियम में कुछ ऐसा हुआ, जिसने एक पल के लिए उनके लाखों-करोड़ों फैंस की धड़कन रोक दी। हैरी अपनी लाइव परफॉर्मेंस दे रहे थे, जहां अचानक गाने के बीच में पानी पीते ही उनका गला चोक हो गया। पानी उनके गले में अटक गया, चोकिंग की वजह से वह स्टेज पर गिर पड़े। इस कारण शो कुछ देर के लिए बीच में रुक गया। वहां मौजूद दर्शक यह सब देख परेशान हो गए, जबकि अब इंटरनेट पर वायरल हो रहे वीडियोज को देख फैंस भी चिंता में पड़ गए हैं। हालांकि, 32 साल के सिंगर की हालत कुछ मिनटों में ठीक हो गई और उन्होंने वापस परफॉर्मेंस देना शुरू कर दिया।
हैरी स्टाइल्स के साथ यह घटना 26 जून के शो में हुई है। वेम्बली स्टेडियम में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के बीच हजारों की संख्या में फैंस मौजूद थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिंगर दर्शकों से बातचीत कर रहे थे, तभी उन्हें गले में कुछ अटकने जैसा महसूस हुआ। उन्होंने पानी की बोतल उठाई और एक घूंट पिया, लेकिन इसके बाद उनकी हालत और खराब हो गई। दम घुटने लगा। वह वहीं स्टेज पर लेट गए।
सोशल मीडिया पर घटना के क्लिप्स वायरल – हालांकि, हैरी ने जल्द ही खुद को संभाला और परफॉर्मेंस जारी रखी। जब सिंगर स्टेज पर ठीक हो रहे थे, तब क्रू मेंबर्स और ऑन-साइट सपोर्ट टीम को तुरंत मदद करते हुए देखा गया। अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फैंस ने यह जानकर राहत की सांस ली है कि मामला गंभीर नहीं था और हैरी ने बिना किसी और परेशानी के शो जारी रख पाए।
फैंस ने की तारीफ, परेशानी के बाद भी परफॉर्मेंस पूरी की – कई फैंस ने इस अनचाही रुकावट के बावजूद हैरी के परफॉर्मेंस को जारी रखने पर उनकी तारीफ की है। अब इसी वेन्यू पर सोमवार, 29 जून को भी उनका शो होना है। हैरी स्टाइल्स का यह लंदन कॉन्सर्ट उनके चल रहे ‘टुगेदर, टुगेदर’ ग्लोबल रेसीडेंसी टूर का हिस्सा है। यह उनके लेटेस्ट एल्बम ‘किस ऑल द टाइम. डिस्को, ओकेजनली’ के सपोर्ट में हो रहा है। वेम्बली में शो 4 जुलाई को खत्म होंगे, जिसके बाद हैरी स्टाइल्स साओ पाउलो, मैक्सिको सिटी और न्यूयॉर्क जाएंगे और फिर 13 दिसंबर को ऑस्ट्रेलिया में टूर खत्म करेंगे।
हैरी स्टाइल्स कौन हैं – हैरी स्टाइल्स का पूरा नाम हैरी एडवर्ड स्टाइल्स है। वॉर्सेस्टरशायर में 1 फरवरी 1994 को वह पैदा हुए हैं। हैरी एक ब्रिटिश सिंगर, सॉन्गराइटर और एक्टर हैं। वह अपने गाने, परफॉर्मेंस, और सोशल मीडिया पर फैशन के लिए जाने जाते हैं। हैरी स्टाइल्स का म्यूजिकल करियर साल 2010 में ‘वन डायरेक्शन’ बैंड मेंबर के तौर पर शुरू हुआ। यह बॉय बैंड ब्रिटिश म्यूजिक कॉम्पिटिशन सीरीज ‘द एक्स फैक्टर’ में तब बना था, जब बैंड के सभी मेंबर सोलो कॉम्पिटिशन से बाहर हो गए थे। साल 2016 में अनिश्चित काल के लिए ब्रेक पर जाने से पहले, यह अब तक के सबसे ज्यादा बिकने वाले बॉय बैंड में से एक था। हैरी स्टाइल्स ने 2017 में एर्स्किन और कोलंबिया रिकॉर्ड्स के साथ पहला सोलो एल्बम रिलीज किया, जिसका मेन गाना UK में नंबर-वन पर रहने वाला सिंगल ‘साइन ऑफ द टाइम्स’ था।
US बिलबोर्ड में टॉप पोजिशन और ग्रैमी अवॉर्ड – हैरी स्टाइल्स के दूसरे एल्बम ‘फाइन लाइन’ (2019) ने अमेरिका में किसी इंग्लिश मेल आर्टिस्ट के लिए पहले हफ्ते में सबसे ज्यादा बिक्री का रिकॉर्ड बनाया। जबकि उनके चौथे सिंगल ‘वॉटरमेलन शुगर’ ने US बिलबोर्ड हॉट 100 में टॉप पोजिशन हासिल किया। उनके तीसरे और सबसे मशहूर एल्बम ‘हैरीज हाउस’ (2022) को ‘एल्बम ऑफ द ईयर’ का ग्रैमी अवॉर्ड मिला।
Home / Entertainment / सिंगर हैरी स्टाइल्स का LIVE कॉन्सर्ट में गला चोक, पानी पीते ही स्टेज पर गिरे! वीडियो देख फैंस परेशान
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website