Wednesday , July 22 2026 12:45 AM
Home / News / ईरानी हमले में 1 और अमेरिकी सैनिक की मौत, 17 हुई संख्या, US आर्मी ने ईरान पर लगातार 9वीं रात की बमबारी

ईरानी हमले में 1 और अमेरिकी सैनिक की मौत, 17 हुई संख्या, US आर्मी ने ईरान पर लगातार 9वीं रात की बमबारी


ईरान के साथ सैन्य टकराव में अमेरिका के एक और सैनिक की मौत हो गई है। US सेंट्रल कमांड ने इसकी पुष्टि की है। घटना उत्तरी इराक में तब हुई जब अमेरिकी सैनिक ईरान के ड्रोन से बचे हुए विस्फोटक को नष्ट कर रहा था। इसके साथ ही ईरान के साथ फरवरी के आखिर में शुरू हुए सैन्य टकराव के बाद अमेरिका के मारे गए सैनिकों की संख्या 17 हो गई है। इस घटना में एक जवाल घायल हुआ है, जिसका इलाज चल रहा है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी एक बयान में US सेंट्रल कमांड ने कहा, उत्तरी इराक में 18 जुलाई को ईरान के एक गिराए गए वन-वे-अटैक ड्रोन से बच गए बिना फटे विस्फोटक को नियंत्रित तरीके से नष्ट करने के दौरान सेना के एक जवान की मौत हो गई।
अमेरिकी सेना का ईरान पर हमला – एक और अमेरिकी सैनिक की मौत के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। इस बीच अमेरिकी सेना ने सोमवार तड़के ईरान के खिलाफ हमलों का एक नया दौर शुरू किया है। यह अमेरिका का ईरान के खिलाफ लगातार 9वीं रात हमला है। ईरान में स्थानीय मीडिया रिपोर्ट में रात करीब 2.30 बजे के आसपास कई धमाकों की आवाज सुनी गई है।
सेंट्रल कमांड ने एक बयान में कहा, ये हमले ईरान की उन सैन्य क्षमताओं को कमजोर करना जारी रखेंगे जिनका इस्तेमाल होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले कमर्शियल जहाजों और आम नागरिकों पर हमले के लिए किया जाता है। इसके पहले अमेरिकी सेना ने जॉर्डन में दो सैनिकों की मौत के बाद रविवार को ईरान पर भारी बमबारी की थी। जॉर्डन में ईरानी हमले के बाद एक सैनिक लापता था। अमेरिकी सेना ने एक बयान में कहा है कि उसे रविवार को एक अज्ञात अवशेष मिले हैं, और उनकी जांच की जा रही है।
ईरान के नागरिक ढांचों पर भी हमला – अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य टकराव एक बार फिर तेज हो गया है। अमेरिका ने ईरान में सैन्य़ ठिकानों के साथ ही पुलों, पानी के प्लांट और बिजली सुविधाओं समेत नागरिक ढांचों को निशाना बनाया है। इसके जवाब में तेहरान ने मिडिल ईस्ट में अमेरिका के सहयोगी देशों पर हमले किए हैं। कुवैत, जॉर्डन, बहरीन और कतर ने ईरानी ड्रोन और मिसाइलों को रोकने के लिए अपने एयर डिफेंस सिस्टम एक्टिवेट कर रखे हैं।