Friday , August 21 2026 12:31 AM
Home / Entertainment / ₹1 लाख में बनी ‘सबसे घटिया फिल्‍म Niu Lai’ ने कमा लिए ₹20Cr, चीन में ‘स्‍पाइडर-मैन’ की हवा कर दी टाइट!

₹1 लाख में बनी ‘सबसे घटिया फिल्‍म Niu Lai’ ने कमा लिए ₹20Cr, चीन में ‘स्‍पाइडर-मैन’ की हवा कर दी टाइट!


चीन के बॉक्‍स ऑफिस पर कुछ ऐसा हुआ है, जिसने सबको हैरान कर दिया। एक चाइनीज एनिमेशन फिल्‍म है Niu Lai, जिसमें घटिया एनिमेशन और अजीब स्‍टोरीलाइन की बीते दिनों खूब आलोचना हुई। इतनी कि इस फिल्‍म का डिजास्‍टर होना तय माना जा रहा था। लेकिन दंग करने वाली बात यह है कि ये नेगेटिव बातें, फिल्‍म के लिए जीवदान साबित हुई हैं। अब हालात ये हैं कि महज ₹1 लाख में, दो लोगों की बनाई इस फिल्‍म ने चीन के बॉक्‍स ऑफिस पर ‘स्‍पाइडर-मैन: ब्रांड न्‍यू डे’ और ‘द ओडिसी’ को कमाई के मामले में टक्‍कर दे रही है। यकीनन, आप भी यह जानकर चौंक गए होंगे!
‘नियू लाई’ का मतलब होता है ‘गाय आ गई’, इस फिल्‍म को शिन युमेंग ने डायरेक्ट किया है और सुन लिफांग ने इसकी कहानी लिखी है। डालियान जिंगयुआन कल्चर फ‍िल्म एंड टेलीविजन मीडिया ने इसे प्रोड्यूस किया है, जो पहले इंटीरियर डिजाइन और डेकोरेशन की कंपनी थी। 05 अगस्‍त को जब यह रिलीज हुई तो और बॉक्‍स ऑफिस पर हालत खराब थी। इसके बाद इसके खराब एनिमेशन की हर तरफ बुराई होने लगी और यहीं से मामला पलट गया।
बछड़े की कहानी, 10 दिन में कमाए थे ₹1 लाख, अब ₹20 करोड़ पार – चीन के सिनेमाघरों में अचानक से ‘नियू लाई’ फिल्‍म के लिए भीड़ बढ़ गई है। 86 मिनट की यह एनिमेशन फ‍िल्म एक नवजात बछड़े और एक स्काईलार्क (पक्षी) की कहानी है, जिनका रिश्ता एक अजीब सपने वाले सीन के जरिए दिखाया गया है। चीन के बॉक्‍स ऑफिस पर पहले 10 दिनों में इस फिल्‍म ने 7,700 युआन (₹1.04 लाख ) कमाए थे। पूरे चीन में 300 से भी टिकट बिके। लेकिन अब मूवी ट्रैकिंग साइट ‘माओ यान’ के मुताबिक, इसने 14.9 मिलियन युआन (₹20 करोड़) से ज्यादा की कमाई कर ली है।
चीन में स्‍पाइडर-मैन की धूम, वर्ल्‍डवाइड कमाई 2.02 बिलियन डॉलर – हालांकि, चीन के बॉक्‍स ऑफिस पर अभी हॉम हॉलैंड की ‘स्‍पाइडर-मैन: ब्रांड न्‍यू डे’ का दबदबा है, लेकिन जिस तरह ‘न‍ियू लाई’ की कमाई बढ़ी है, कई दर्शक मजाक-मजाक में स्‍पाइडर-मैन के साथ ही इस फिल्‍म को भी देखने पहुंच रहे हैं। चीन में 29 जुलाई को रिलीज हुई ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने लगभग $265 मिलियन (करीब ₹2,535 करोड़) कमा लिए हैं। जबकि वर्ल्‍डवाइड कमाई $2.02 ब‍िल‍ियन (₹19347.51 करोड़) के पार जा चुकी है। यह दुनिया की 8वीं ऐसी फिल्‍म है, जिसने दो बिलियन डॉलर का आंकड़ा पार किया है।
चीन में यूजर्स कह रहे- ये तो AI से भी खराब है, वाहियात -‘नियू लाई’ को लेकर चीन के सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म्‍स पर खूब मजेदार बहस हो रही है। दर्शकों इसके खराब कंप्यूटर ग्राफ‍िक्स, बेजान किरदारों, अजीब वॉइस एक्टिंग और उलझी हुई कहानी का मजाक उड़ा रहे हैं। कुछ यूजर्स ने तो इसकी तुलना स्‍कूलों में खराब तरीके से बनाए गए स्टूडेंट प्रोजेक्ट से की है। एक ऐसे ही यूजर ने लिखा है, ‘ये तो AI से भी खराब है, शायद 2026 की सबसे वाहियात फ‍िल्म।’ एक अन्‍य यूजर ने लिखा है, ‘अगर आप इसे देखते हैं तो शायद 80 मिनट तक पछतावा हो, लेकिन अगर नहीं देखते हैं तो जिंदगी भर पछतावा होगा।’