
बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव 2013 से चेक बाउंस केस में फंसे हुए हैं। करोड़ों का कर्ज नहीं चुकाने के कारण उन्हें कोर्ट से फटकार लग चुकी है। वह कई बार जेल जा चुके हैं। और तो और, बीते दिनों उनके पुश्तैनी घर को नीलाम करने का नोटिस भी जारी हो चुका है। लेकिन इन सब के बीच, अब 55 साल के एक्टर ने दावा किया है कि पिछले 13 साल में उन्हें ₹250 करोड़ का नुकसान हुआ है। हाल ही ‘वेलकम टू द जंगल’ में नजर आए एक्टर ने एक बार फिर चेक बाउंस मामले में लगे आरोपों को नकारा है। कहा है कि ‘कोई उन्हें खरीद नहीं सकता।’
न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए राजपाल यादव ने कहा, ‘साल 2013 से 2016 के बीच मुझे ₹200-250 करोड़ का निजी नुकसान हुआ है। मैं यह बात दिल से कह रहा हूं। मैंने विदेश में कम से कम 50 टूर मिस किए। मुझे जो फीस मिलनी चाहिए थी, वह कम हो गई। उदाहरण के लिए, मुझे ₹100 की बजाय ₹10 मिले। मैं कभी इन चीजों में नहीं पड़ा। मैं आर्ट का स्टूडेंट हूं। मैं अपनी कला में परफेक्शन चाहता हूं। फीस तो अपने आप पीछे चली आएगी।’
जिनका भी मुझ पर पैसा बकाया था, मैंने उसे चुका दिया है… या चुका दूंगा। भले ही मैंने 200 लोगों से उधार लिया हो, मैंने उन्हें पैसे दे दिए हैं और अगर नहीं दिए हैं, तो पैसे उनके घर पहुंच जाएंगे।
राजपाल यादव बोले- जिनसे उधार लिए हैं, पैसे उनके घर पहुंच जाएंगे – राजपाल यादव इन दिनों अक्षय कुमार के साथ फिल्म ‘हैवान’ और सलमान खान के साथ ‘SVC 63’ की तैयारी कर रहे हैं। अपने कर्ज के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘जिनका भी मुझ पर पैसा बकाया था, मैंने उसे चुका दिया है… या चुका दूंगा। भले ही मैंने 200 लोगों से उधार लिया हो, मैंने उन्हें पैसे दे दिए हैं और अगर नहीं दिए हैं, तो पैसे उनके घर पहुंच जाएंगे। मैं एक जिम्मेदार आदमी हूं। कोई मुझे 5 करोड़ या 250 करोड़ में खरीद नहीं सकता।’
‘आज भी एयरपोर्ट पर 500 लोग मेरे साथ सेल्फी लेते हैं’ – राजपाल यादव ने आगे यह दावा भी किया कि उनकी आर्थिक मुश्किलें, पूरे करियर या एक्टर के तौर पर उनकी पहचान को तय नहीं करतीं। वह बोले, ‘आज भी एयरपोर्ट पर 500 लोग मेरे साथ सेल्फी लेते हैं। मैं कभी खोया नहीं, मैं दुनिया को यह साबित करके दिखाऊंगा।’
बैंक नीलाम करेगा राजपाल यादव का पुश्तैनी घर – इस बीच, अगस्त की शुरुआत में राजपाल यादव पर एक अन्य कर्ज के मामले में गाज गिरी। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने उनकी संपत्ति नीलाम करने का नोटिस जारी किया है। राजपाल यादव का यह पैतृक घर मध्य प्रदेश के बंडा में स्थित है, जिसकी कीमत 3.10 करोड़ रुपये है। लोन वसूलने के लिए बैंक की ओर से नीलामी का नोटिस कचहरी रोड स्थित उनके घर पर चिपकाया गया। एक अन्य प्लॉट के बाहर भी नीलामी का नोटिस लगा दिया गया। एक्टर के इस घर को बैंक ने 2024 में ही सीज कर दिया था। बैंक के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में पिता नौरंग यादव की प्रॉपर्टी को गिरवी रखकर 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया गया था। बकाया नहीं चुकाने के कारण यह रकम बढ़कर 11 करोड़ रुपये हो गई।
जुलाई में कोर्ट ने राजपाल यादव को लगाई थी फटकार – बीते जुलाई में ही दिल्ली हाई कोर्ट ने राजपाल यादव और उनकी पत्नी राधा की सजा और दोषसिद्धि को बरकरार रखा। उन्होंने 2010 में मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ बनाने के लिए कर्ज लिया था। यह फिल्म 2012 में रिलीज हुई और बुरी तरह फ्लॉप हो गई। कोर्ट ने मामले में राजपाल यादव को फटकार भी लगाई। कहा कि उनकी ‘मंशा पर शक’ है। वह शायद कर्ज चुकाना ही नहीं चाहते।
दिल्ली हाई कोर्ट ने सरेंडर करने के आदेश दिए – दरअसल, राजपाल यादव ने अदालत से कर्ज चुकाने और पैसे का इंतजाम करने के लिए बार-बार समय मांगा। अपने वकील के जरिए कई बार कोर्ट को भरोसा दिलाया। लेकिन फिर भी पैसे नहीं लौटाए। इस बीच अदालत ने दोनों के बीच मध्यस्था की भी कोशिश की। कर्ज देने वाली कंपनी इसके लिए मान भी गई, लेकिन फिर राजपाल यादव पलट गए। लिहाजा, अदालत ने पाया कि वह वादों को पूरा करने में नाकाम रहे हैं। कोर्ट ने उन्हें जेल अधिकारियों के सामने सरेंडर करने का आदेश दिया।
फरवरी 2026 में तिहाड़ जेल गए थे राजपाल यादव – इससे पहले फरवरी 2026 में ही राजपाल यादव ने तिहाड़ जेल में सरेंडर किया था। तब कहा था कि उनके पास न तो पैसे हैं और न कोई दोस्त। हालांकि, उनकी इस भावुक अपील पर सलमान खान से लेकर अजय देवगन समेत कई सेलेब्स ने आर्थिक मदद करने का ऐलान किया। हालांकि, बावजूद इसके कर्ज से जुड़ा यह विवाद अभी तक नहीं सुलझा है।
Home / Entertainment / Bollywood / ’13 साल में ₹250Cr का घाटा’, राजपाल यादव ने अब कहा- भले 200 लोगों से उधार लिया, सबके पैसे घर पहुंच जाएंगे
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website