
ओलंपिक इतिहास के सबसे महान एथलीटों में शुमार उसेन बोल्ट ने अपने जीवन की एक नई और बेहद खास पारी की शुरुआत कर दी है। जमाइका की राजधानी किंग्सटन में अपने 40वें जन्मदिन के शानदार जश्न के दौरान, आठ बार के ओलंपिक गोल्ड मेडल विजेता बोल्ट ने अपनी लॉन्ग-टाइम पार्टनर कासी बेनेट को सगाई का प्रपोजल देकर सभी को चौंका दिया। वन बेलमोंट रूफटॉप पर आयोजित इस निजी समारोह में बोल्ट ने अपने घुटनों पर बैठकर कासी को 5 कैरेट की खूबसूरत डायमंड रिंग पहनाई। इस भावुक और यादगार पल के दौरान वहां मौजूद परिवार और करीबी दोस्त खुशी से झूम उठे।
कौन हैं बोल्ड की मंगेतर? – इस अचानक मिले सरप्राइज से कासी बेनेट बेहद हैरान और खुश नजर आईं, जिसके बाद उन्होंने इस खूबसूरत शाम की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर फैंस के साथ साझा किए। इस सगाई के बाद से ही हर तरफ उस महिला की चर्चा हो रही है, जिसने पिछले एक दशक से भी ज्यादा समय से ट्रैक के सबसे तेज इंसान का हर मोड़ पर साथ निभाया है। कासी बेनेट जमाइका की एक जानी-मानी मॉडल, सफल उद्यमी और समाजसेवी हैं। वह एलिवेट मार्केटिंग हाउस नामक कंपनी से जुड़ी हैं और साथ ही बच्चों के बेहतर भविष्य व सामाजिक कल्याण के लिए काम करने वाले संगठन प्रोजेक्ट केस की संस्थापिका भी हैं।
कासी का अच्छा खासा करियर – कासी न केवल ग्लैमर की दुनिया में पहचान रखती हैं, बल्कि वह पढ़ाई-लिखाई के मामले में भी काफी आगे हैं। उन्होंने कानून की पढ़ाई करने के साथ-साथ बिजनेस मैनेजमेंट में मास्टर्स डिग्री भी हासिल की है। दुनिया के सबसे लोकप्रिय खिलाड़ियों में से एक के साथ रिश्ते में रहने के बावजूद कासी ने अपनी एक अलग और स्वतंत्र पेशेवर पहचान बनाए रखी है। दोनों की प्रेम कहानी की शुरुआत साल 2013 के आसपास हुई थी। शुरुआती सालों में दोनों ने अपने रिश्ते को मीडिया की चकाचौंध से दूर रखा लेकिन 2016 के रियो ओलंपिक के दौरान उनका रिश्ता पूरी दुनिया के सामने आया, जब बोल्ट ने ऐतिहासिक ट्रिपल-ट्रिपल गोल्ड हासिल किया था।
कपल के तीन बच्चे भी – समय के साथ इस कपल का प्यार गहरा होता गया और उन्होंने अपने परिवार को आगे बढ़ाया। साल 2020 में उनके घर पहली संतान के रूप में बेटी ओलंपिया लाइटनिंग बोल्ट का जन्म हुआ। इसके बाद 2021 में कासी ने जुड़वां बेटों थंडर बोल्ट और सेंट लियो बोल्ट को जन्म दिया। तीन बच्चों के माता-पिता बनने के बाद भी दोनों ने अपने पारिवारिक जीवन की सादगी और खुशियों को हमेशा बनाए रखा। कासी अक्सर अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए बोल्ट और अपने बच्चों पर प्यार लुटाती नजर आती हैं।
बोल्ट के 40वें जन्मदिन की यह पार्टी महज एक बर्थडे सेलिब्रेशन न रहकर एक यादगार सगाई समारोह में बदल गई। 21 अगस्त को अपने जन्मदिन पर चेकर्ड सूट पहने बोल्ट ने हाथ में माइक लेकर अपने दिल की बात कही और कासी को शादी के लिए प्रपोज किया। इस खास मौके पर कासी भी सुनहरे और सिल्वर सेक्विन ड्रेस में बेहद खूबसूरत लग रही थीं। 5 कैरेट के एक शानदार डायमंड रिंग को फ्लॉन्ट करते हुए कासी ने अपने दोस्तों के साथ जश्न मनाया।
Home / Sports / 13 साल के रिलेशन और 3 बच्चों के जन्म के बाद उसेन बोल्ट ने रचाई सगाई, जानिए कौन हैं उनकी मंगेतर, जन्मदिन पर दिया सरप्राइज
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website