Sunday , August 30 2026 6:18 PM
Home / News / India / दिल्ली के प्ले स्कूल में मासूम से हैवानियत! कुर्सी से बांधकर पीटा, प्राइवेट पार्ट से छेड़छाड़; CCTV में कैद हुई करतूत

दिल्ली के प्ले स्कूल में मासूम से हैवानियत! कुर्सी से बांधकर पीटा, प्राइवेट पार्ट से छेड़छाड़; CCTV में कैद हुई करतूत


मौजपुर इलाके में एक स्कूल में मासूम छात्र के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। स्कूल के अंदर छात्र के साथ न केवल मारपीट की गई। बल्कि उसका यौन उत्पीड़न कर कुर्सी में बांधकर पीटा गया। स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे में सारी करतूत कैद हो गई।
पीड़ित छात्र के पिता की शिकायत पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर ली है। फुटेज और परिवार के बयान के बाद जाफराबाद पुलिस ने 28 अगस्त को स्कूल की डायरेक्टर, प्रिंसिपल, टीचर और आया के खिलाफ पॉस्को जुवेनाइल जस्टिस एक्ट और बीएनएस की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
दिल्ली पुलिस ने क्या बताया? – पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित परिवार मौजपुर में ही रहता है। परिवार ने अपने बयान में बताया कि उनका बेटा मौजपुर के एक प्ले स्कूल में पढ़ता है। कुछ दिनों से उनका बच्चा टायलेट जाने से घबराता है। रात भर वह सो नहीं पाता ओर रोता रहता है। तब उन्होंने बच्चे को ईएनटी एक्सपर्ट को दिखाया। तब पता चला कि उसके दोनों कान के पर्दों में भारी सूजन है। डॉक्टर ने मारपीट करने से चोट आने की आशंका जताई।
बच्चे के पिता का आरोप है कि उन्होंने स्कूल प्रशासन से स्कूल के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मांगी थी। आरोप है कि पहले स्कूल प्रशासन ने सीसीटीवी खराब होने की बात कही। फिर कई बहाने करने लगे। फिर उन्हें अगले दिन आने को कहा गया।
फुटेज में स्कूल की दरिंदगी दिखाई दी – जब वह अगले दिन स्कूल गए तो फुटेज दिखाने के बदले में 1500 रुपए मांगे। उन्होने रुपये दे दिए। उसके बाद फुटेज देखी तो सारी करतूत सामने आ गई। हालांकि स्कूल प्रशासन ने उन्हें फुटेज नहीं दी। फुटेज में साफ-साफ दिखाई पड़ रहा है कि बच्चे के कान पकड़कर पीटा जा रहा था, उसे घंटों कुर्सी से बांधा गया, लात मारकर कुर्सी से गिराया गया और उसका खाना भी छीन लिया गया। एक अन्य फुटेज में स्कूल की आया पूजा बच्चे के प्राइवेट पार्ट के साथ छेड़छाड़ कर रही थी। उसके बाद 27 अगस्त को पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने स्कूल से फुटेज को जब्त किया – पुलिस ने स्कूल पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज जब्त कर ली। फुटेज के आधार पर फिर एफआईआर दर्ज की गई है। पिता का आरोप है कि स्कूल की डायरेक्टर का जवाब बेहद ही शर्मनाक था। उन्होंने इस तरह बच्चे के साथ मारपीट करने का कारण पूछा तो उनका कहना था कि बच्चों को ऐसे रोज पीटते है, जो करना है कर लो। अन्य स्टाफ के लोग बच्चे में कमियां बताने लगे। फिलहाल पुलिस जीटीबी अस्पताल में बच्चे का मेडिकल कराने के बाद स्कूल की डायरेक्टर, प्रिंसिपल, टीचर और आया के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच कर रही है।