
अमेरिकी दौरे पर गए आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने भारत में हिंदू और मुस्लिमों पर बात की है। न्यूयॉर्क में मोहन भागवत ने कहा कि अगर कोई हिंदू यह सोचता है कि भारत में कोई मुसलमान नहीं होना चाहिए तो फिर वह खुद भी हिंदू नहीं रहेगा। भागवत ने जोर देते हुए कहा कि अगर आप खुद को हिंदू कहते हैं तो आपको यह मानना होगा कि सभी रास्ते एक ही मंजिल तक ले जाते हैं। वन वर्ल्ड वन ह्यूमैनिटी कार्यक्रम में भागवत ने ये बातें कही हैं। उन्होंने कहा कि हर इंसान की अपनी गरिमा होती है। इंसानों के बीच कोई फर्क नहीं होता है।
न्यूयॉर्क में वन वर्ल्ड वन ह्यूमैनिटी कार्यक्रम में RSS प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि कई धर्म हैं और आज की दुनिया में धर्मों की पहचान मुख्य रूप से रीति-रिवाजों से होती है। किसी धार्मिक अनुशासन का पालन करने और ईश्वर तक पहुंचने के उस रास्ते पर चलने के लिए रीति-रिवाजों का यह अनुशासन बहुत जरूरी है।
‘धर्म से ऊपर इंसानियत’ – मोहन भागवत ने कहा, ‘मैं कोई धर्म-विशेषज्ञ या धार्मिक गुरु नहीं हूं लेकिन ऐसे समाज में काम कर रहा हूं जो कहता है कि धर्म भले अलग-अलग हों लेकिन इंसानियत एक है। सत्य एक है और इंसानियत उसी सत्य की उपज है। सत्य एक ही है लेकिन बताने वाले उसका वर्णन कई तरह करते हैं। इंसान के तौर पर हम उस सॉफ्टवेयर के कैदी हैं जो हमारे दिमाग में बना है।’
मोहन भागवत ने इस दौरान यह भी कहा कि अगर हम समाज को लगातार शिक्षित नहीं करते हैं तो उसमें कमियां या भटकाव आ जाते हैं। इतिहास के दौरान ऐसा ही कुछ हुआ है। मैं ठीक उस पल की ओर इशारा नहीं कर सकता। उसके बाद हमारा समाज और हमारा देश विदेशी हमलों का शिकार बना और बहुत सी चीजें खो गईं।
अमेरिका में भागवत – राष्ट्रीय स्वंय सेवक(आरएसएस) के हेड मोहन भागवत इस समय अमेरिका में हैं। अमेरिकी दौरे पर उनका सबसे अहम कार्यक्रम शनिवार (भारतीय समयानुसार शनिवार देर रात से रविवार तड़के तक) को न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में होना है। इससे पहले वह कई कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं।
मोहन भागवत का मैडिसन स्क्वायर का कार्यक्रम काफी बड़े पैमाने पर किया जा रहा है लेकिन यह विवादों में घिर गया है। न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी इस पर एतराज जता चुके हैं। वहीं 61 संगठनों ने भी खुली चिट्ठी लिखकर इसका विरोध किया है। ऐसे में इस कार्यक्रम पर भी लोगों की नजर लगी हुई है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website