Wednesday , October 7 2026 11:39 AM
Home / Uncategorized / प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 अक्टूबर को आएंगे तमिलनाडु, चेन्नई मेट्रो की नई लाइन का करेंगे उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 अक्टूबर को आएंगे तमिलनाडु, चेन्नई मेट्रो की नई लाइन का करेंगे उद्घाटन


प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चेन्नई मेट्रो की एक नई लाइन का उद्घाटन करने और अन्य आधिकारिक कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए 11 अक्टूबर को चेन्नई के दौरे पर रहेंगे। बीजेपी के वरिष्ठ नेता पोन राधाकृष्णन ने यह जानकारी दी। पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री चेन्नई मेट्रो के द्वितीय चरण के तहत पूनमल्ली से वडापलानी के बीच 14.6 किलोमीटर लंबे मार्ग का उद्घाटन करेंगे और पूनमल्ली से पोरूर तक मेट्रो ट्रेन में सफर भी करेंगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री पोन राधाकृष्णन तमिलनाडु में भाजपा के नए प्रभारी राम माधव और सह-प्रभारियों के स्वागत में पार्टी के प्रदेश मुख्यालय ‘कमलालयम’ में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
बीजेपी की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष नयनार नागेंद्रन से मुलाकात करने पहुंचे नए केंद्रीय प्रभारियों की टीम ने राज्य के पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों और विभिन्न मोर्चों के प्रमुखों के साथ आगामी चुनावी चुनौतियों पर बैठकें भी कीं। राधाकृष्णन ने पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि निर्वाचित जनप्रतिनिधि के तौर पर मोदी के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राज्य इकाई सात अक्टूबर को सभी जिला मुख्यालयों में ‘सेवा ज्योति’ रैलियां निकालेगी।
राधाकृष्णन ने तमिल भाषा और संस्कृति को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री की सराहना करते हुए याद दिलाया कि मोदी ने हाल में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को प्राचीन तमिल ग्रंथ ‘तिरुक्कुरल’ का रूसी अनुवाद उपहार में दिया था। राधाकृष्णन ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के हालिया बयानों को लेकर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष का छिपा हुआ एजेंडा भारत को अस्थिर करना और देश की स्थिति बांग्लादेश, नेपाल या श्रीलंका जैसी बनाना है। उन्होंने यह दावा भी किया कि कांग्रेस की अंदरूनी स्थिति ऐसी बन रही है कि जल्द ही राहुल गांधी को ‘‘उनकी अपनी ही पार्टी के लोग बाहर कर देंगे।’