Saturday , October 31 2026 12:23 AM
Home / News / रूस ने दिखाई ताकत, परमाणु हमला करने में सक्षम ICBM का टेस्ट, न्यूक्लियर सबमरीन ने पानी के नीचे से दागी मिसाइल

रूस ने दिखाई ताकत, परमाणु हमला करने में सक्षम ICBM का टेस्ट, न्यूक्लियर सबमरीन ने पानी के नीचे से दागी मिसाइल


रूस ने अपनी परमाणु संचालित पनडुब्बी से पानी के नीचे से इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) का परीक्षण किया है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षण सफल रहा। इसने कहा कि मिसाइल के वॉरहेड तय समय पर और तय की गई रेंज में ही जाकर गिरे। इस मिसाइल को एक निर्धारित कॉम्बैट ट्रेनिंग के हिस्से के रूप में दागा गया था।
रूसी रक्षा मंत्रालय ने बताया कि बुलावा (Bulava) नाम की अंतरमहाद्वीप बैलिस्टिक मिसाइल को परमाणु ऊर्जा से चलने वाली पनडुब्बी जनरलिस्सिमो सुवोरोव से लॉन्च किया गया। मिसाइल को ओखोटस्क सागर में पानी के नीचे से दागा गया और इसने पश्चिमी रूस के आर्कान्जेक्स क्षेत्र में स्थित एक मिलिट्री टेस्ट ग्राउंड को निशाना बनाया।
रूस की परमाणु पनडुब्बी की खासियत – जनरलिस्सिमो सुवोरोव रूस की परमाणु पनडुब्बी है और यह रूसी प्रशांत बेड़े का बहुत ही महत्वपूर्ण हिस्सा है।
यह एक एडवांस पीढ़ी की सबमरीन है और इसे आधुनिक बोर-ए कैटेगरी में रखा गया है।
इस रूसी पनडुब्बी को खास तौर पर रणनीतिक परमाणु प्रतिरोध (जवाबी परमाणु हमला) को अंजाम देने और रूस की समुद्री सीमाओं की रक्षा के लिए डिजाइन किया गया है।
इस पनडुब्बी को सेंट पीटर्सबर्ग स्थित रुबिन सेंट्रल डिजाइन ब्यूरो फॉर मरीन इंजीनियरिंग ने विकसित किया है।
इस पनडुब्बी में बड़ी संख्या में वॉरहेड रखने की क्षमता है। यह अपने साथ 16 एडवांस बुलावा (Bulava) बैलिस्टिक मिसाइलें ले जा सकती हैं।
रूस की बुलावा ICBM क्या है? – Bulava अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल रूस के नौसैनिक हथियार भंडार का अहम हिस्सा है।
Bulava ICBM को खास तौर पर पनडुब्बी से लॉन्च करने के लिए बनाया गया है।
यह ICBM परमाणु हमला करने में सक्षम है और अपने साथ कई परमाणु वॉरहेड ले जा सकती है।
सबमरीन से लॉन्च होने के बाद यह एडवांस एयर डिफेंस सिस्टम को भेदकर लक्ष्य का निशाना बनाने में सक्षम है।
बुलावा मिसाइल की रेंज – रूस की परमाणु क्षमता वाली इस मिसाइल को RSM-56 के नाम से भी जाना जाता है। सेंट्रल फॉर स्ट्रैटेजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज के अनुसार, रूस की यह मिसाइल 8300 किलोमीटर की दूरी तक लक्ष्य को निशाना बना सकती है।