Saturday , October 31 2026 12:24 AM
Home / News / भागे भागे पहुंचे दिल्ली हाई कोर्ट, कॉकरोच जनता पार्टी से मांगा 50 करोड़ रुपये; मिला दो टूक जवाब

भागे भागे पहुंचे दिल्ली हाई कोर्ट, कॉकरोच जनता पार्टी से मांगा 50 करोड़ रुपये; मिला दो टूक जवाब


हाल के दिनों में कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन के चलते दिल्ली की सड़कें अस्त-व्यस्त नजर आई थीं। कनॉट-प्लेस और जंतर-मंतर जैसी हाईप्रोफाइल जगहों पर बिजनेस ठप नजर आईं। बताया गया कि सीजेपी के आंदोलन के चलते देश को 2000 करोड़ रुपये तक का नुकसान हुआ। वहीं, इन सब के बीच अब इसी मामले को लेकर एक याचिकाकर्ता वकील राकेश कुमार सैनी दिल्ली हाईकोर्ट पहुंच गए। जहां, उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी से 50 करोड़ रुपये के अंतरिम मुआवजे की मांग कर दी।
याचिकाकर्ता ने लगाए आरोप – याचिकाकर्ता ने आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली में हाल में ही हुए विरोध-प्रदर्शनों की वजह से आम जनता को परेशानी और असुविधा का सामना करना पड़ा। लोगों और व्यापारियों को काफी नुकसान उठाना पड़ा इसलिए सीजेपी को 50 करोड़ रुपये मुआवजे के रूप में देना चाहिए।
दिल्ली हाईकोर्ट ने सुनवाई से किया इनकार – बता दें कि दिल्ली हाईकोर्ट ने इस याचिका पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया और कहा कि इसी तरह के मामले पहले से ही सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन हैं, जो विरोध-प्रदर्शनों से जुड़ी कई याचिकाओं पर सुनवाई कर रहा है। पीठ ने कहा कि याचिकाकर्ता अपनी बात सर्वोच्च न्यायालय के समक्ष रखने के लिए स्वतंत्र है।
होईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के मामलों में दखल देने से किया इनकार – पीठ ने आगे कहा कि न्यायिक अनुशासन की मांग है कि इस तरह की परिस्थिति में, यह अदालत इस मामले की कार्यवाही से दूर रहे और कोई ऐसा आदेश न दे जो सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों से विरोधाभासी हो। वहीं, याचिकाकर्ता ने तर्क दिया कि इस जनहित याचिका में मांगी गई राहत, सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों से अलग है।
अभिजीत दिपके ने भी बीजेपी के प्रदर्शन पर उठाए सवाल – इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दिपके ने दिल्ली में बीजेपी के प्रोटेस्ट पर निशाना साधा और पूछा कि क्या यह प्रदर्शन किसी तय विरोध स्थल पर हो रहा है? और त्योहारों के दौरान व्यापार पर जो असर पड़ेगा, उसका क्या? वहीं, इसपर सोशल मीडिया यूजर ने भी बीजेपी की जमकर खिचाईं। किसी ने कहा कि BNS 163 की धारा कहां चली गई, किसी को हिरासत में क्यों नहीं लिया गया? क्या विरोध प्रदर्शन के लिए अनुमति ली गई थी? वहीं, एक सोशल मीडिया यूजर ने कहा कि दिल्ली पुलिस के जवान कहां चले गए।