Friday , November 20 2026 7:04 AM
Home / News / ‘नाजियों की तरह बांग्लादेश नहीं लौट पाएगी अवामी लीग’: शेख हसीना पर भड़के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद

‘नाजियों की तरह बांग्लादेश नहीं लौट पाएगी अवामी लीग’: शेख हसीना पर भड़के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद


बांग्लादेश के गृहमंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग को लेकर कड़ी टिप्पणी की है। उन्होंने गुरुवार को बांग्लादेश की संसद में कहा कि जैसे नाजी कभी जर्मनी वापस नहीं लौट पाए और वहां की राजनीति में शामिल नहीं हो सके, वैसे ही देश छोड़कर भागी फासिस्ट अवामी लीग कभी बांग्लादेश वापस नहीं आ पाएगी। उनका यह बयान दिसंबर में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वापसी की अटकलों के बीच आया है। शेख हसीना ने बांग्लादेश वापसी के लिए नई दिल्ली में उच्चायोग को ईमेल कर अपना पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र जारी करने की मांग की है।
शेख हसीना के खिलाफ देश में एकजुटता का आह्वान किया – सलाहुद्दीन अहमद ने संसद में बोलते हुए देश में कथित अस्थिरता पैदा करने की कोशिश करने वाली ताकतों के खिलाफ एकजुट होने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश की बीएनपी सरकार कभी भी कानून लागू करने वाली एजेंसियों को राजनीतिक दमन की ताकत नहीं बनाना चाहती थी, और न ही भविष्य में ऐसा करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि इसके बावजूद बांग्लादेश की वर्तमान सरकार हालात के हिसाब से सरकार सख्त कानूनी कार्रवाई करने में नहीं हिचकिचाएगी।
जिस तरह से एक पूरी पार्टी देश छोड़कर भाग गई, वैसी दुनिया के इतिहास में बहुत कम मिसालें मिलती हैं, सिवाय हिटलर की नाजी सेनाओं के जर्मनी से भागने के। जैसे नाजी कभी जर्मनी वापस नहीं लौट सके या वहां की पॉलिटिक्स में शामिल नहीं हो सके, वैसे ही बड़े विद्रोह के दौरान भागी फासीवादी अवामी लीग की सेनाएं कभी बांग्लादेश वापस नहीं लौट पाएंगी।
बांग्लादेश में अशांति का संबंध सीमा पार से जोड़ा – सलाहुद्दीन अहमद ने कहा कि विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया है कि बांग्लादेश में हाल की अशांति को सीमा पार से भड़काया जा रहा है। उन्होंने इन आरोपों से सहमति जताई और ढाका में एक पॉलिटिकल पार्टी के सीनियर नेताओं और विदेशी संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच अलग-अलग समय पर हुई बैठकों का दावा किया। सलाहुद्दीन अहमद ने शेख हसीना को भगोड़ी फॉसिस्ट नेता बताते हुए दावा किया कि उन्होंने बॉर्डर पार से ऑडियो कॉल कर अपने साथियों से बार-बार जुलाई विद्रोह में हिस्सा लेने वालों की लिस्ट बनाने और उनके घरों को तबाह करने का निर्देश दिया था। उन्होंने यह भी दावा किया कि हसीना ने जुलाई विद्रोह के नेताओं को सबक सिखाने की भी धमकी दी थी।
भारत में जेल काट चुके हैं सलाहुद्दीन अहमद – सलाहुद्दीन अहमद बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के वरिष्ठ नेता हैं। मार्च 2015 में उनका ढाका से अपहरण किया गया था। दो महीने बाद उन्हें मेघालय की राजधानी शिलांग में घूमते हुए पाया गया। उन्हें मेघालय पुलिस ने घुसपैठ के आरोप में हिरासत में लिया था। पहचान की पुष्टि होने के बाद सलाहुद्दीन अहमद को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां ईस्ट खासी हिल जिला और सत्र न्यायाधीश की अदालत ने उन्हें बरी कर दिया। भारत की जेल में रहते हुए, बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने उन्हें अपनी स्थायी समिति का सदस्य नियुक्त किया। सलाहुद्दीन अहमद को शिलांग में अपीलीय अदालत ने 28 फरवरी 2023 को बरी कर दिया और घर लौटने की अनुमति दी।